मासूम शर्मा ने फोन पर मांगी माफी

हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के बीच चल रहा स्टेज विवाद फोन पर माफी के बाद सुलझ गया। परिवार की बैठक में समझौता हुआ और 72 घंटे का अल्टीमेटम समाप्त हो गया।

मासूम शर्मा ने फोन पर मांगी माफी

■ मासूम शर्मा ने पूर्व सरपंच से फोन पर मांगी माफी
■ परिवार की मौजूदगी में हुआ समझौता, मामला बताया पारिवारिक
■ कलाकार देवा ने भी मंच से कहा– साथी से गलती हो गई


हरियाणा के जींद जिले के मुआना गांव में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा के बीच चल रहा ‘स्टेज विवाद’ फिलहाल थम गया है। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।

पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने बताया कि परिवार के लोगों की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें आरोप-प्रत्यारोप पर चर्चा की गई। इसके बाद मासूम शर्मा ने फोन पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और मिलने आने की बात कही। परिवार के दबाव और सहमति के बाद मामले को यहीं समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

धरमू के बयान से शुरू हुआ था विवाद

विवाद की शुरुआत मासूम शर्मा के बहनोई धरमू के उस बयान से हुई थी, जिसमें उन्होंने पूर्व सरपंच के स्टेज पर खड़े होने को लेकर आपत्ति जताई थी। इस पर राजेंद्र शर्मा ने भी सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी। उनका कहना था कि वे सम्मानपूर्वक मंच पर खड़े थे और उन्होंने कोई अनुचित व्यवहार नहीं किया।

कलाकार देवा ने मंच से मांगी माफी

हरियाणवी कलाकार देव कुमार देवा ने भी एक कार्यक्रम के दौरान मंच से बयान देते हुए कहा कि उनके साथी कलाकार से गलती हुई है और वे उसकी ओर से माफी मांगते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के सम्मान की बात दोहराते हुए विवाद को शांत करने की अपील की।

इस दौरान कलाकार बिंदर दिनौदा ने भी मासूम शर्मा को माफी मांगने की सलाह दी थी। अन्य कलाकारों की प्रतिक्रियाओं के बीच सरपंचों द्वारा दिया गया 72 घंटे का अल्टीमेटम भी शनिवार को समाप्त हो गया।

बताया जा रहा है कि अब दोनों पक्षों के बीच संवाद के बाद विवाद को विराम दे दिया गया है और आगे किसी टकराव की संभावना नहीं है।