मासूम शर्मा फिर विवादों में, न्यू ईयर नाइट पर फैन से बदसलूकी और आईफोन तोड़ने का आरोप, मामला पहुंचा थाने
हिसार के ट्यूलिप रिसॉर्ट में न्यू ईयर म्यूजिक नाइट के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा पर फैन से गाली-गलौज और आईफोन तोड़ने का आरोप लगा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में
- हिसार म्यूजिक नाइट में गाली-गलौज और आईफोन तोड़ने का आरोप
- आजाद नगर थाने में सिंगर और आयोजक के खिलाफ शिकायत
हिसार। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। न्यू ईयर की पूर्व संध्या 31 दिसंबर 2025 को हिसार के तोशाम रोड स्थित ट्यूलिप रिसॉर्ट में आयोजित म्यूजिक नाइट कार्यक्रम के दौरान उन पर गाली-गलौज, बदसलूकी और मोबाइल फोन तोड़ने के गंभीर आरोप लगे हैं।
पीड़ित मुल्तानी चौक निवासी रिंकू ने आजाद नगर थाना में दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ शो देखने गया था। कार्यक्रम के दौरान पहले सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जब सिंगर मासूम शर्मा कार्यक्रम पूरा होने के बाद जाने लगे, तो वहां मौजूद लोग सेल्फी लेने के लिए उनके पास पहुंचने लगे।
रिंकू के अनुसार, वह भी सेल्फी लेने के लिए पास गया, तभी मासूम शर्मा ने उसका आईफोन छीनकर जमीन पर पटक दिया। फोन गिरते ही पूरी तरह टूट गया। इसके बाद सिंगर ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और बदसलूकी की। विरोध करने पर गालियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इवेंट ऑर्गेनाइजर सजल जैन ने पहले फोन ठीक करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई न करने का दबाव भी बनाया गया।
घटना के बाद मासूम शर्मा के खिलाफ शिकायत देने के लिए कुछ फैंस भी आजाद नगर थाने पहुंचे। मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आजाद नगर थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि रिंकू की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। वहीं आयोजक सजल जैन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला।
गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी गुरुग्राम में एक कॉन्सर्ट के दौरान सेल्फी लेने आए युवक के साथ मासूम शर्मा द्वारा बदतमीजी किए जाने का आरोप लग चुका है। उस घटना का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद युवक ने खुद को अपमानित महसूस करते हुए पुलिस में शिकायत दी थी।
Akhil Mahajan