शहीद की बहन की शादी में अरुणाचल से पहुंचे जवान:दुल्हन को भाई की कमी नहीं होने दी महसूस; 3 लाख रुपए शगुन दिया

martyr ashish kumar, sister wedding, Sirmour, grenadeers battalion, army ceremony, FD gift, Arunachal, military compassion

शहीद की बहन की शादी में अरुणाचल से पहुंचे जवान:दुल्हन को भाई की कमी नहीं होने दी महसूस; 3 लाख रुपए शगुन दिया

शहीद की बहन की शादी में पहुंचे अरुणाचल से सैनिक, निभाया भाई का फर्ज
वर्दी में सजकर जवानों ने बहन को वरमाला तक पहुंचाया, हर आंख नम हुई
रेजिमेंट और पूर्व सैनिक संगठन ने 3 लाख एफडी व स्मृति चिह्न देकर जताया सम्मान



हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के आंजभोज क्षेत्र के भरली गांव में एक ऐसा भावुक और प्रेरणादायक नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल छू लिया। यहां शहीद आशीष कुमार की बहन आराधना (पूजा) की शादी में भाई की कमी पूरी करने के लिए भारतीय सेना के जवान अरुणाचल प्रदेश से पहुंचे। वर्दीधारी सैनिकों ने शादी की रस्में निभाते हुए दुल्हन को चुनरी के नीचे वरमाला के लिए स्टेज तक पहुंचाया। यह दृश्य देखते ही माहौल भावुक हो गया और हर किसी की आंखें नम हो गईं।

इस मौके पर शादी में शामिल हुए रेजिमेंट के सैनिकों और पूर्व सैनिक संगठन ने दुल्हन को बैंक में 3 लाख रुपए की एफडी शगुन के रूप में दी। साथ ही स्मृति चिह्न भेंट कर शहीद के परिवार के प्रति अपनी भावनाएं प्रकट कीं। दुल्हन आराधना ने नम आंखों से सैनिकों का आशीर्वाद ग्रहण किया और इस अप्रत्याशित सम्मान ने पूरे गांव को गर्व से भर दिया।

बलिदानी की बहन की शादी में पहुंचे सेना के जवान और भूतपूर्व सैनिक भाई का फर्ज निभाते हुए।

समारोह के बाद जवानों और पूर्व सैनिकों ने दुल्हन को उनके ससुराल तक पहुंचाकर भाई की पूरी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। यह नजारा हिमाचल में पहली बार देखने को मिला, जिसने यह साबित कर दिया कि शहीदों का भाईचारा जीवनभर अमर रहता है

शहीद आशीष कुमार, जो 19 ग्रेनेडियर बटालियन में अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे, 27 अगस्त 2024 को ‘ऑपरेशन अलर्ट’ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी रेजिमेंट से आए हवलदार राकेश कुमार, नायक रामपाल सिंह, नायक मनीष कुमार, ग्रेनेडियर अभिषेक, ग्रेनेडियर आयुष कुमार सहित क्षेत्र से सेना में सेवारत मेजर अनूप तोमर, पैराट्रूपर नदिश कुमार और कई पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी इस खास मौके पर मौजूद रहे।

इस शादी ने न सिर्फ शहीद परिवार को सम्मानित किया, बल्कि पूरे समाज को यह संदेश दिया कि सच्ची देशभक्ति शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदनशीलता से ही प्रकट होती है