मर्डर के बाद हाईवे जाम ,गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार

करनाल में युवक की हत्या के बाद परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया। गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार, पुलिस ने 5 टीमों के साथ जांच तेज की।

मर्डर के बाद हाईवे जाम ,गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार

करनाल-कैथल हाईवे पर जाम, हत्या के बाद भड़का गुस्सा
पिता बोले- गिरफ्तारी तक नहीं होगा अंतिम संस्कार
सिर-छाती में गोली मारकर युवक की हत्या, 5 पर आरोप


हरियाणा के करनाल में सूरज हत्याकांड के बाद रविवार को बड़ा बवाल खड़ा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने करनाल-कैथल स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया

मृतक के पिता कर्मबीर ने साफ कहा कि जब तक हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वे अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

ट्रैक्टर लगाकर हाईवे किया जाम

रविवार दोपहर परिजन और ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर निसिंग पहुंचे और गुरुद्वारा चौक के पास हाईवे पर जाम लगा दिया

जाम के चलते यातायात प्रभावित हो गया, जिसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया और अन्य रास्तों से वाहनों को निकाला जाने लगा।

मौके पर निसिंग थाना पुलिस और DSP गोरखपाल राणा परिजनों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

तीन बदमाशों ने मारी थी गोली

शनिवार (18 अप्रैल) की रात गांव गोंदर में बाइक सवार तीन बदमाशों ने 25 वर्षीय सूरज की गोली मारकर हत्या कर दी थी

आरोपियों ने सूरज के सिर और छाती में प्वाइंट ब्लैंक रेंज से फायर किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद ग्रामीण उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया

पुरानी रंजिश का मामला

परिजनों के अनुसार, साल 2019 में गांव में हुए एक हत्या मामले में सूरज का नाम आया था, जिसमें वह जेल गया था और करीब 8 माह पहले जमानत पर बाहर आया था

परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते सूरज की हत्या की गई

5 लोगों के खिलाफ शिकायत

परिजनों ने गांव के ही 5 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस को शिकायत दी है।

निसिंग थाना SHO कृष्ण कुमार के अनुसार, मामले की जांच के लिए 5 टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जाम खुलवा दिया गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

फिलहाल, इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।