करनाल-इंद्री हाईवे पर दौड़ती मर्सिडीज में लगी आग, दो युवकों ने कूदकर बचाई जान,कार जलकर राख

करनाल-इंद्री हाईवे पर रात 12:30 बजे दौड़ती मर्सिडीज में आग लग गई। रोहतक के दो युवकों ने कूदकर जान बचाई, कार जलकर राख हो गई।

करनाल-इंद्री हाईवे पर दौड़ती मर्सिडीज में लगी आग, दो युवकों ने कूदकर बचाई जान,कार जलकर राख

करनाल-इंद्री हाईवे पर दौड़ती मर्सिडीज में अचानक लगी आग, जलकर हुई राख

➤ ट्रक का टूटा बंपर बताने के लिए ड्राइवर ने बढ़ाई थी कार की रफ्तार

➤ आग लगते ही दो युवकों ने कार से कूदकर बचाई जान, दोनों रोहतक के रहने वाले

हरियाणा के करनाल में करनाल-इंद्री स्टेट हाईवे पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां सड़क पर दौड़ रही एक मर्सिडीज कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कार देखते ही देखते जलकर राख हो गई। हादसे के समय कार में रोहतक के रहने वाले दो युवक सवार थे। आग की लपटें उठती देख दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए कार सड़क किनारे रोकी और तुरंत बाहर छलांग लगा दी। समय रहते गाड़ी से बाहर निकलने के कारण दोनों की जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मर्सिडीज पूरी तरह जल चुकी थी। फिलहाल कार में आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। इंद्री पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ट्रक का टूटा बंपर बताने के लिए बढ़ाई थी कार की रफ्तार

फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12:30 बजे की है। मर्सिडीज कार करनाल से इंद्री की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कार के आगे एक ट्रक चल रहा था। ट्रक का पिछला बंपर टूटा हुआ था।

कार चालक ने ट्रक ड्राइवर को उसके वाहन का पिछला बंपर टूटा होने की जानकारी देने का फैसला किया। इसके लिए उसने ट्रक से आगे निकलने की कोशिश की और कार की रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान अचानक मर्सिडीज में आग लग गई।

कार में आग लगते ही स्थिति बिगड़ने लगी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और आग पूरी गाड़ी में फैलने लगी। हाईवे पर बीच सड़क कार से उठती आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास से गुजर रहे लोग भी सकते में आ गए।

आग लगते ही दोनों युवकों ने कार से लगा दी छलांग

कार में आग लगने के बाद दोनों युवकों ने बिना देर किए गाड़ी सड़क किनारे रोकी और तुरंत बाहर निकल गए। कुछ ही देर में आग इतनी तेजी से फैल गई कि पूरी मर्सिडीज आग के गोले में तब्दील हो गई।

फायर ब्रिगेड कर्मी रजनीश ने बताया कि कार में दो युवक सवार थे, जो रोहतक के रहने वाले हैं। आग लगने के बाद दोनों सुरक्षित बाहर निकल गए थे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया।

फायर कर्मियों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। गाड़ी को आग से बचाया नहीं जा सका। गनीमत रही कि हादसे में दोनों युवकों को कोई नुकसान नहीं हुआ और वे समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहे।

इंद्री पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद इंद्री पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की।

फिलहाल मर्सिडीज में आग लगने का वास्तविक कारण सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि कार में आग किस वजह से लगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।