हिसार में दुष्यंत-CIA विवाद, पुलिस ने जारी किया CCTV- DSP का बड़ा दावा, पायलट गाड़ी से पुलिस वाहन को टक्कर की कोशिश
हिसार में दुष्यंत चौटाला और पुलिस के बीच विवाद बढ़ा, CCTV फुटेज जारी, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच SIT जांच शुरू।
➤ CCTV में पायलट गाड़ी पुलिस बोलेरो को ओवरटेक करती दिखी
➤ DSP का दावा पायलट गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश हुई
➤ दुष्यंत बोले पुलिस ने सबूत मिटाने के लिए CCTV डिलीट कराए
हिसार में पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला और CIA इंचार्ज के बीच विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने पूरे मामले में CCTV फुटेज जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। इस फुटेज में कथित तौर पर पायलट गाड़ी पुलिस की बोलेरो को ओवरटेक करती नजर आ रही है।
DSP कमलजीत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि काफिले में शामिल निजी पायलट गाड़ी को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया गया। उन्होंने कहा कि कई बार पुलिस वाहन को ओवरटेक करने के साथ-साथ उसे टक्कर मारने की कोशिश भी की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुष्यंत चौटाला को मिली “वाई प्लस सिक्योरिटी” में निजी पायलट गाड़ी की कोई अनुमति नहीं है, इसके बावजूद प्राइवेट वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा था।
DSP ने बताया कि पूरे मामले में दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और निष्पक्ष जांच के लिए SIT का गठन किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी खुद उन्होंने संभाली है।
घटना की पृष्ठभूमि 16 अप्रैल की है, जब दिग्विजय चौटाला समर्थकों के साथ गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी (GJU) में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया और आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने वीसी ऑफिस के गेट को तोड़ने की कोशिश की तथा पुलिस और प्रशासन के साथ अभद्र व्यवहार किया।
इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रोटेक्टर की शिकायत पर दिग्विजय समेत 8 लोगों पर केस दर्ज किया गया। 17 अप्रैल को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी दिन सूचना मिली कि दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला समर्थकों के साथ सामूहिक गिरफ्तारी देने सिटी थाना पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर CIA टीम पहले ही सिविल ड्रेस में रवाना कर दी गई थी।
DSP के अनुसार, सब्जी मंडी पुल के पास स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जहां पायलट गाड़ी ने बार-बार पुलिस वाहन को ओवरटेक किया। इस दौरान CIA इंचार्ज ने गाड़ी रोककर ड्राइवर को चेतावनी दी। आरोप है कि इसी दौरान दिग्विजय चौटाला ने एक पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की।
वहीं दूसरी ओर, दुष्यंत चौटाला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जब वे गिरफ्तारी देने जा रहे थे, तब एक फर्जी नंबर प्लेट वाली बोलेरो उनके काफिले के सामने आकर खड़ी कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी हथियारों से लैस थे और एक के हाथ में AK-47 तक थी।
दुष्यंत ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने अपनी गलती छिपाने के लिए संबंधित कर्मियों को ऑफ ड्यूटी दिखाया और CCTV फुटेज डिलीट करवाए। उन्होंने कहा कि वे कोर्ट में जाकर सभी फुटेज को सुरक्षित रखने की मांग करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी शिकायत पर FIR दर्ज नहीं की गई और न ही DGP ने फोन उठाया। उन्होंने एसपी के ट्रांसफर और उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर वे हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक टकराव का रूप ले लिया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
Akhil Mahajan