द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास भीषण आग, मचा हड़कंप
गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास भीषण आग लग गई। स्क्रैप में लगी आग को फायर ब्रिगेड ने काबू किया, किसी के हताहत होने की खबर नहीं।
■ द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास भीषण आग, आसमान तक उठीं लपटें
■ खाली प्लॉट में स्क्रैप-मलबे में लगी आग, चारों ओर धुआं फैला
■ फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू
हरियाणा के गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली पब्लिक स्कूल के नजदीक एक खाली जगह में भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें आसमान को छूती नजर आईं, जबकि घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जिस जगह आग लगी वहां काफी मात्रा में स्क्रैप और मलबा पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने आग लगा दी या जलती सिगरेट फेंकने से आग भड़क गई।
तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। हालांकि, फायर ब्रिगेड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया।
फायर अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में खुले स्थानों पर ज्वलनशील वस्तुओं के पास आग या सिगरेट का उपयोग न करें, क्योंकि इससे ऐसे हादसे हो सकते हैं।
फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
pooja