रोहतक जिला परिषद चेयरपर्सन बनी मां: मंजू हुड्डा ने बेटी को दिया जन्म, पूर्व सीएम के खिलाफ लड़ चुकी चुनाव
रोहतक जिला परिषद चेयरपर्सन और भाजपा नेता मंजू हुड्डा ने दिल्ली के अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। योग और मेडिटेशन के सहारे सामान्य डिलीवरी हुई। मां-बेटी दोनों स्वस्थ हैं।
-
रोहतक जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा ने बेटी को जन्म दिया
-
पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ चुनाव लड़ चुकी हैं मंजू
-
गर्भावस्था में योग–मेडिटेशन का सहारा, मां-बेटी दोनों स्वस्थ
रोहतक जिला परिषद की चेयरपर्सन और गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ चुनाव लड़ चुकी भाजपा नेता मंजू हुड्डा ने बेटी को जन्म दिया है। दिल्ली के एक अस्पताल में उनकी डिलीवरी हुई। घर में कन्या जन्म के बाद खुशी का माहौल है।
मंजू हुड्डा की शादी वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान गांव धामड़ निवासी राजेश हुड्डा के साथ हुई थी। इसके बाद नवंबर 2022 में उन्होंने जिला परिषद का चुनाव लड़ा और 3,281 वोटों से जीत हासिल की। चुनाव जीतने के बाद उन्होंने भाजपा को जॉइन किया और 14 में से 10 पार्षदों के समर्थन से 27 दिसंबर 2022 को जिला परिषद की चेयरपर्सन नियुक्त हो गईं।
चेयरपर्सन बनने के बाद मंजू हुड्डा ने गांवों में लोगों की समस्याएं सुलझाने, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और पार्षदों के साथ बैठकों में अपना अधिकतर समय लगाया। परिवार और ऑफिस की जिम्मेदारियां संभालते हुए उन्होंने लगातार क्षेत्र में काम जारी रखा।
उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उन्होंने भागदौड़ कम की और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होना भी सीमित रखा। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय अधिक बिताया और स्वस्थ गर्भावस्था के लिए तमाम सावधानियां बरतीं।
मंजू हुड्डा ने कहा कि गुरुकुल में पढ़ाई करने का उन्हें बड़ा लाभ मिला, क्योंकि गर्भावस्था के दौरान योग और मेडिटेशन ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से संतुलित रखा। नियमित योग के कारण डिलीवरी सामान्य रही और किसी ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं पड़ी। मां और बेटी दोनों स्वस्थ हैं।
Author1