मनीषा मित्तल हत्याकांड: मां की हत्या के बाद अब 17 साल की बेटी को जान का खत*रा! पुलिस से की सुरक्षा की मांग
शिमला में मनीषा मित्तल हत्याकांड के बाद उनकी 17 वर्षीय बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा देने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
- मनीषा मित्तल हत्याकांड के बाद शिमला में दहशत का माहौल
- 17 वर्षीय बेटी की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल, पुलिस सुरक्षा की मांग
- प्रॉपर्टी विवाद और हाईकोर्ट में चल रहे मामले के बीच हुई सनसनीखेज हत्या
शिमला के भट्टाकुफर स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल परिसर में हुई मनीषा मित्तल की हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। देवभूमि हिमाचल प्रदेश में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न केवल स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्कूल के आसपास और स्थानीय समुदाय में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश को देश के सबसे शांतिप्रिय राज्यों में गिना जाता है। ऐसे में स्कूल परिसर के बाहर एक महिला की गोली मारकर हत्या होना बेहद चिंताजनक है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती हैं।
जानकारी के अनुसार मनीषा मित्तल और उनके भाई के बीच पिछले कई वर्षों से स्कूल और प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला अदालत तक पहुंच चुका था और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में भी इससे जुड़ी कानूनी कार्यवाही चल रही है। मनीषा मित्तल लगातार स्कूल में अपने अधिकार और हिस्सेदारी की मांग कर रही थीं।
मनीषा मित्तल इससे पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से अपने भाई पर गंभीर आरोप लगा चुकी थीं। उन्होंने स्कूल से जुड़े दस्तावेजों में कथित अनियमितताओं, कब्जे की कोशिश, फर्जीवाड़े और धमकाने जैसे आरोप लगाए थे। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो भी जारी किए थे, जिनमें अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी।
हत्या के बाद अब सबसे बड़ी चिंता उनकी 17 वर्षीय बेटी को लेकर सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार मनीषा मित्तल अपनी बेटी के साथ स्कूल परिसर में ही रहती थीं। घटना के बाद बेटी पूरी तरह अकेली रह गई है, जिससे उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों और परिचितों का कहना है कि जिस तरह विवाद लंबे समय से चल रहा था और अब हत्या जैसी घटना सामने आई है, उसे देखते हुए बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसे तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए और किसी भी संभावित खतरे को गंभीरता से लिया जाए।
उधर, शिमला पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुरागों को खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार जांच कई पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जा रही है।
हालांकि अब तक पुलिस अधिकारियों ने मीडिया के सामने मामले के संभावित कारणों या जांच की दिशा को लेकर कोई विस्तृत बयान नहीं दिया है। पुलिस फिलहाल जांच प्रभावित न हो, इसलिए सार्वजनिक टिप्पणी करने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गहन जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
इस बीच मनीषा मित्तल हत्याकांड ने पूरे हिमाचल प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी है और सभी को उम्मीद है कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में जल्द सच्चाई सामने आएगी।
Akhil Mahajan