हरियाणा में कार की टक्कर से स्कूटी सवार की मौ*त

रोहतक के महम में अज्ञात कार की टक्कर से स्कूटी सवार धर्मवीर की मौत हो गई। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने कार चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

हरियाणा में कार की टक्कर से स्कूटी सवार की मौ*त
  • महम में अज्ञात कार की टक्कर से स्कूटी सवार धर्मवीर की मौत
  • घटना के समय महम से अपने गांव फरमाणा खास लौट रहे थे धर्मवीर
  • परिजनों ने कार चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की

रोहतक जिले के महम क्षेत्र में सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा गोहाना रोड पर खेड़ी महम गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान फरमाणा खास निवासी धर्मवीर के रूप में हुई है। परिजनों ने अज्ञात कार चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। धर्मवीर महम से अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव फरमाणा खास लौट रहे थे। इसी दौरान खेड़ी महम गांव के पास एक अज्ञात कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और उनकी मौत हो गई।

मृतक धर्मवीर शादीशुदा थे और अपने पीछे तीन बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।

मृतक के परिजन बिट्टू, निवासी फरमाणा खास, ने महम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हादसा कार चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। परिजनों ने आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।