50 लाख का बादशाह: दूध-बादाम पीने वाला घोड़ा हरियाणा का सुपरस्टार, 1 सेकंड में 40 फुट दौड़
कुरुक्षेत्र पशु मेले में फतेहाबाद से आया नुकरा घोड़ा बादशाह 50 लाख की कीमत, शाही डाइट और गजब की रफ्तार के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
➤ कुरुक्षेत्र पशु मेले में 50 लाख का नुकरा घोड़ा बना सुपरस्टार
➤ दूध में बादाम, घी-चूरी और हफ्ते में 4 बार तेल मालिश
➤ 1 सेकंड में 40 फुट दौड़ने वाला बादशाह बिकाऊ नहीं
कुरुक्षेत्र के KDB मेला ग्राउंड में चल रहे पशु मेले में इस बार जानवर नहीं, बल्कि शाही ठाठ से पल रहा घोड़ा ‘बादशाह’ सबसे बड़ी सनसनी बन गया है। फतेहाबाद के लहरियां गांव से आए इस नुकरा नस्ल के घोड़े की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है। सिर से पांव तक चमकता सफेद रंग, ऊंचा कद और शानदार चाल ने मेले में मौजूद हर शख्स को अपनी ओर खींच लिया।
घोड़े के मालिक और गांव के पूर्व सरपंच संतलाल बताते हैं कि बादशाह की उम्र महज 28 महीने है, लेकिन इसकी परवरिश किसी राजकुमार से कम नहीं। आंध्र प्रदेश से आए एक शख्स ने इसे 50 लाख रुपये में खरीदने की पेशकश की, मगर संतलाल ने साफ शब्दों में इनकार कर दिया। उनका कहना है कि बादशाह सौदा नहीं, परिवार का हिस्सा है।
बादशाह की डाइट सुनकर लोग दंग रह जाते हैं। सर्दियों में दूध के साथ उबले बादाम, जबकि गर्मियों में मक्खन, जौ, गाजर और गाजर का जूस दिया जाता है। इसके अलावा देसी गाय के घी से बनी चूरी, जिसमें बादाम पीसकर मिलाए जाते हैं, उसकी ताकत का राज है। दिन में तीन टाइम अलग-अलग खुराक, रोज नहलाना और हफ्ते में 3 से 4 बार तेल मालिश उसकी चमक और फिटनेस बनाए रखती है।
संतलाल बताते हैं कि बादशाह की मां फतेह और पिता हंसराज बिल्ला भी नुकरा नस्ल के थे। घोड़ों से उनका रिश्ता पीढ़ियों पुराना है। दादा प्रताप सिंह के समय से यह शौक चला आ रहा है। घोड़ों की सही देखभाल सीखने के लिए संतलाल ने गुजरात से प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी ली। फिलहाल उनके पास बादशाह समेत कुल 9 घोड़े हैं।
खास बात यह है कि बादशाह सिर्फ खूबसूरत ही नहीं, बल्कि रफ्तार का भी बादशाह है। वह 1 सेकंड में 35 से 40 फुट तक दौड़ सकता है। पहली बार किसी प्रतियोगिता में उतरा यह घोड़ा जीत का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। पशु मेले में लोग बादशाह के साथ फोटो खिंचवाने और उसकी डाइट व ट्रेनिंग के बारे में जानने के लिए उमड़ पड़े हैं।
Akhil Mahajan