मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं करते हैं, फैसले ब्यूरोक्रेट्स लेते हैं: कुमारी सैलजा

रेवाड़ी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास सत्ता है, लेकिन असली नियंत्रण कहीं और है। आईजी पूरन कुमार की सुसाइड पर भी सरकार को घेरा।

मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं करते हैं, फैसले ब्यूरोक्रेट्स लेते हैं: कुमारी सैलजा

रेवाड़ी में बोलीं कुमारी सैलजा, कहा—हरियाणा में असली सत्ता कहीं और है
मुख्यमंत्री केवल घोषणाएं करते हैं, अफसर ही ले रहे फैसले
आईजी पूरन कुमार की सुसाइड पर बोलीं, अफसरों को अब सरकार पर भरोसा नहीं



हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर सत्ता बनाम नियंत्रण का मुद्दा गरमाने लगा है। रेवाड़ी पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जनता से नाइंसाफी हो रही है, और मुख्यमंत्री के पास केवल “कुर्सी” है, असली पावर कहीं और है

कुमारी सैलजा ने कहा कि राज्य की बागडोर नायब सैनी के हाथ में नहीं बल्कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के हाथ में है। सैलजा ने स्पष्ट किया कि यदि ऐसा नहीं होता तो केंद्रीय मंत्री हरियाणा में घोषणाएं कैसे कर रहे हैं। भाजपा की मौजूदा सरकार के कामकाज पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का रिपोर्ट कार्ड सबके सामने है। सरकार घोषणाएं तो बहुत करती है लेकिन जमीन पर कार्य नजर नहीं आता। सैलजा ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ठीक नहीं है, अपराध बढ़ रहा है और आम लोगों की शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अफसरशाही के कब्जे में है। ब्यूरोक्रेट्स ही फैसले लेते हैं, जबकि मुख्यमंत्री सिर्फ मंचों से घोषणाएं करते हैं। “हरियाणा में शासन और प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं बची है,” उन्होंने तीखे शब्दों में कहा।आईजी पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में सैलजा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मुद्दा है। “जब एक वरिष्ठ अफसर खुद को इतना अकेला और असहाय महसूस करे कि वह सुसाइड का कदम उठा ले—तो यह सिर्फ व्यक्ति की नहीं, बल्कि सिस्टम की असफलता है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने इस घटना के लिए भाजपा और आरएसएस की मानसिकता को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अफसर अब न तो अपने विभाग पर भरोसा करते हैं, न ही सरकार पर।सैलजा ने बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा कि कांग्रेस पूरी मजबूती से मैदान में है और गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी जिस तरह से लोगों के बीच जा रहे हैं, वह इस बात का संकेत है कि जनता अब बदलाव चाहती है।”

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन सकती, सैलजा ने तंज कसते हुए कहा—“हमें ही नहीं, बल्कि जनता को भी इस बात का अफसोस है कि आज हरियाणा ऐसे हाथों में है जो जनता कीआवाज नहीं सुनते।”


प्रेसवार्ता के दौरान सैलजा ने कांग्रेस शहरी जिला अध्यक्ष प्रवीण चौधरी की तारीफ की और कहा कि “राजनीति में युवाओं का आगे आना बेहद जरूरी है। आज के युवा ही देश की असली ताकत हैं।” इससे पहले वह पूर्व मंत्री शकुंतला भगवाड़िया के आवास पर पहुंचीं और उनके परिवार को सांत्वना दी।