करनाल औेर पंजाब के युवक अमेरिका के टेक्सास मे जिंदा जले, मौत
करनाल के युवक की टेक्सास में फूड स्टोर में आग लगने से मौत हो गई। 50 लाख खर्च कर डंकी रूट से अमेरिका गया था, परिवार में शोक का माहौल है।
➤ करनाल के युवक की अमेरिका के टेक्सास में स्टोर में आग लगने से मौत
➤ 50 लाख खर्च कर डंकी रूट से गया था, परिवार का इकलौता बेटा था
➤ पंजाब के स्टोर मालिक की भी आग में झुलसकर जान गई
हरियाणा के करनाल जिले के एक युवक की अमेरिका के टेक्सास में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। फूड स्टोर में लगी भीषण आग में युवक जिंदा जल गया। इस हादसे में स्टोर के मालिक, जो पंजाब के रहने वाले थे, उनकी भी जान चली गई।
पुलिस के अनुसार, जिस समय आग लगी उस वक्त दोनों स्टोर के अंदर सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी और पूरा स्टोर जलकर खाक हो गया।
मृतक की पहचान करनाल के गांव गंगाटेहड़ी निवासी 22 वर्षीय सुखविंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता शीशपाल खेतीबाड़ी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, सुखविंद्र करीब चार साल पहले डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। उसे विदेश भेजने के लिए परिवार ने करीब 50 लाख रुपए खर्च किए थे। कई महीनों की कठिन यात्रा के बाद वह अमेरिका पहुंचा और टेक्सास के एक फूड स्टोर में काम करने लगा था।
बताया गया है कि सुखविंद्र उसी स्टोर में काम करता था और काम खत्म होने के बाद वहीं सो जाता था। घटना वाले दिन भी वह अपने मालिक के साथ स्टोर में ही मौजूद था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और दोनों अंदर ही फंस गए।
हादसे के वक्त स्टोर में काम करने वाला तीसरा कर्मचारी मौजूद नहीं था। वह किसी काम से बाहर गया हुआ था। घटना की जानकारी मिलने पर वही वापस लौटा और उसने ही परिवार को इस दुखद हादसे की सूचना दी।
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हर एंगल से जांच की जा रही है। सुखविंद्र की मौत के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। सरपंच ने सरकार से मांग की है कि परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और शव को जल्द भारत लाने की व्यवस्था की जाए।
Akhil Mahajan