पंचायत सचिव 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
करनाल के इंद्री नगरपालिका कार्यालय में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, पंचायत सचिव अमित कुमार 20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार। जीरो टोलरेंस नीति के तहत आरोपी को कोर्ट में पेश कर होगी जांच।
➤ करनाल विजिलेंस ने पंचायत सचिव को रिश्वत लेते पकड़ा
➤ 20 हजार की रिश्वत पर बिछाया गया जाल सफल रहा
➤ नगरपालिका कार्यालय में रेड, कोर्ट में होगी आगे की जांच
करनाल जिले के इंद्री कस्बे में विजिलेंस विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव अमित कुमार को नगरपालिका कार्यालय में 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने शिकायतकर्ता से बिल पास करवाने के बदले रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर विजिलेंस ने योजना बनाकर जाल बिछाया और आरोपी को इंद्री नगरपालिका कार्यालय में पकड़ लिया।
विजिलेंस अधिकारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी को पकड़ने की पूरी रणनीति तैयार की गई थी। शिकायतकर्ता को कैमिकल लगे नोट दिए गए और जैसे ही आरोपी ने रकम ली, टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे दबोच लिया। आरोपी के हाथों से वही नोट बरामद किए गए।
आरोपी की पहचान अमित कुमार, निवासी जैनपुर (लाडवा) के रूप में हुई है। टीम ने मौके से सभी सबूत जब्त किए और आरोपी को हिरासत में ले लिया। विजिलेंस ने साफ किया कि यह कार्रवाई एडीजीपी आलोक मित्तल के आदेश और एसपी विरेंद्र सिंह सांगवान के नेतृत्व में की गई है।
अधिकारियों ने कहा कि हरियाणा सरकार की जीरो टोलरेंस नीति के तहत किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी को अब कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे जांच की जाएगी कि उसने पहले किन-किन से रिश्वत ली और उसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।
Akhil Mahajan