करनाल में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर

करनाल के नेशनल हाईवे-709A पर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर घायल है। आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

करनाल में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर
  • करनाल में सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत
  • तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर
  • एक युवक गंभीर घायल, रोहतक PGI में उपचार जारी

करनाल के नेशनल हाईवे-709A पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मुंड और बाहरी गांव के बीच उस समय हुआ, जब तीनों युवक बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। बाहरी गांव निवासी नवीन राणा अपने दोस्त राजेश कुमार और एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में राजेश कुमार और नवीन राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक PGI रेफर कर दिया गया।

मृतक राजेश कुमार के बड़े भाई ने बताया कि राजेश असंध में टुल्लू पंप लेने के लिए आया था। काम पूरा होने के बाद वह अपने साथियों के साथ वापस लौट रहा था। सुबह परिवार को हादसे और मौत की सूचना मिली। राजेश बिजली का कार्य करता था और अविवाहित था।

परिजनों का आरोप है कि बाइक को पीछे से एक जीप ने टक्कर मारी थी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।