सरकारी डॉक्टर को थप्पड़ मारने वाला इंस्पेक्टर सस्पेंड

करनाल के घरौंडा सरकारी अस्पताल में डॉक्टर को थप्पड़ मारने और जबरन जीप में बैठाने के मामले में थाना प्रभारी दीपक कुमार को सस्पेंड कर दिया गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी।

सरकारी डॉक्टर को थप्पड़ मारने वाला इंस्पेक्टर सस्पेंड

घरौंडा अस्पताल के बाहर डॉक्टर को थप्पड़ मारने का वीडियो आया सामने
एसपी ने SHO दीपक कुमार को तत्काल प्रभाव से किया सस्पेंड
घटना के विरोध में डॉक्टरों की हड़ताल, गिरफ्तारी की मांग तेज

हरियाणा के करनाल जिले में सरकारी डॉक्टर के साथ बदसलूकी के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। घरौंडा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार को सरकारी डॉक्टर प्रशांत को थप्पड़ मारने और जबरन जीप में बैठाकर थाने ले जाने के आरोप में एसपी ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

डॉक्टर को धक्का देकर पुलिस की गाड़ी की तरफ लेकर जाते पुलिसकर्मी।

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इंस्पेक्टर डॉक्टर का कॉलर पकड़कर उन्हें धक्का देते हुए जीप की ओर ले जाते और थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ में भारी आक्रोश है।

एमएलसी के मरीजों से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार घरौंडा सरकारी अस्पताल में कुछ मरीज मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) के लिए पहुंचे थे। अस्पताल स्टाफ के मुताबिक उन मरीजों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉ. प्रशांत के साथ गलत व्यवहार किया। स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टर ने पुलिस को फोन कर मदद मांगी।

डॉक्टर के साथ हुई मारपीट के बाद अस्पताल में हंगामा करते डॉक्टर।

फोन पर हुई बहस, फिर अस्पताल पहुंचे SHO
स्टाफ का कहना है कि फोन पर पुलिस की तरफ से कहा गया कि “हम तुम्हारे लिए ही थोड़े बैठे हैं”। इसके बाद थाना प्रभारी दीपक कुमार अपनी टीम के साथ अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने डॉक्टर को बुलाया और उनका कॉलर पकड़कर जीप की ओर धक्का देते हुए ले गए

थप्पड़ मारकर जबरन जीप में बैठाया
अस्पताल कर्मचारियों का आरोप है कि SHO ने डॉक्टर को कई थप्पड़ मारे और जबरन जीप में बैठाकर थाने ले गए। जब अस्पताल स्टाफ ने विरोध किया तो उनके साथ भी बदतमीजी की गई। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ पुलिसकर्मी नशे में थे और उन्होंने गाली-गलौच की।

घटना का वीडियो हुआ वायरल
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में SHO डॉक्टर को गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते हुए कहते सुनाई देते हैं कि “तेरी गाली खाने के लिए बैठे हैं क्या हम”। डॉक्टर गाड़ी में बैठने से मना करते हैं, लेकिन बाद में उन्हें जबरन बैठाकर पुलिस थाने ले जाती है।

घरौंडा के सरकारी अस्पताल में धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे डॉक्टर। एसएचओ दीपक कुमार द्वारा धक्का देने के मामले में हड़ताल पर बैठे।

डॉक्टरों ने किया काम बंद, हड़ताल का ऐलान
घटना के बाद डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ ने चिकित्सीय सेवाएं बंद कर धरना शुरू कर दिया। मेडिकल एसोसिएशन भी डॉक्टर के समर्थन में उतर आई है और थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई नहीं होती, डॉक्टर काम पर नहीं लौटेंगे

डिप्टी सिविल सर्जन ने लिया मामले का संज्ञान
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मुनेश गोयल ने बताया कि डॉक्टर के साथ हुई बदसलूकी का मामला उनके संज्ञान में है और इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

SHO का भी आया बयान
वहीं थाना प्रभारी दीपक कुमार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि डॉक्टर ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौच की थी। उनका दावा है कि बाद में डॉक्टर ने लिखित में माफी भी मांगी थी।