कमल सदाना के बर्थडे पर हुआ पारिवारिक हत्याकांड पिता ने मां और बहन को गोली मार दी
कमल सदाना के 20वें जन्मदिन की रात उनके पिता बृज सदाना ने नशे में मां और बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। कमल और उनके दोस्त पर भी फायरिंग हुई, बाद में पिता ने खुद को गोली मार ली।
■ 20वें जन्मदिन की रात पिता ने मां और बहन को गोली मार दी
■ बचाने आए कमल सदाना और दोस्त पर भी चली गोली
■ हमले के बाद पिता ने खुद को भी गोली मार ली, खत्म हुआ पूरा परिवार
21 अक्टूबर 1990 की रात बॉलीवुड से जुड़ा एक ऐसा खौफनाक पारिवारिक हत्याकांड सामने आया जिसने फिल्म इंडस्ट्री को हिला दिया। यह घटना मुंबई के बांद्रा ईस्ट स्थित जल कमल बंगले में हुई, जहां मशहूर फिल्ममेकर बृज सदाना ने नशे की हालत में अपनी पत्नी और बेटी को गोली मार दी और बेटे कमल सदाना व उनके दोस्त पर भी फायरिंग कर दी।
यह सब उस रात हुआ जब कमल सदाना अपना 20वां जन्मदिन मना रहे थे।
बताया जाता है कि बृज सदाना को शराब की गंभीर लत थी, जिसके कारण घर में अक्सर झगड़े होते रहते थे। 21 अक्टूबर को भी सुबह से ही वह शराब पी रहे थे और शाम तक माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
इसी बीच घर में कमल सदाना के जन्मदिन की पार्टी की तैयारी चल रही थी। शाम को कमल अपने दो दोस्तों हरि और रिजवी के साथ बाहर गए और देर रात घर लौटे।
गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप
घर लौटकर तीनों दोस्त कमरे में म्यूजिक चलाकर डांस कर रहे थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पहले आवाज गानों में दब गई, लेकिन कुछ सेकेंड बाद दूसरी गोली की आवाज साफ सुनाई दी।
घबराकर तीनों नीचे पहुंचे तो मां सईदा (सुधा) सदाना खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं, जबकि पास में बहन नम्रता भी बेसुध पड़ी थीं।
कमल ने जैसे ही नजर उठाई तो सामने पिता बृज सदाना रिवॉल्वर लेकर खड़े थे। उन्होंने कमल पर भी गोली चला दी। गोली कमल के गले को छूते हुए निकल गई।
इसके बाद एक और गोली चली, जो कमल के दोस्त हरि की कलाई में लगी।
घटना के बाद कमल ने पड़ोसियों की मदद से मां और बहन को भाभा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने देखा कि कमल खुद भी गोली से घायल हैं।
हालांकि उस समय कमल की सबसे बड़ी चिंता मां और बहन को बचाने की थी। बाद में उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई।
जब कमल को होश आया और वह घर लौटे तो वहां तीन लाशें सफेद कपड़ों में लिपटी हुई थीं—मां, बहन और पिता की।
दरअसल, पत्नी और बेटी को गोली मारने के बाद बृज सदाना अपने कमरे में गए और खुद को भी गोली मार ली।
इस तरह कमल सदाना की बर्थडे की रात उनका पूरा परिवार खत्म हो गया।
बृज सदाना 50-60 के दशक के मशहूर फिल्म निर्माता थे। उन्होंने धर्मेंद्र, अशोक कुमार, किशोर कुमार और मनोज कुमार जैसे बड़े सितारों के साथ कई फिल्में बनाई थीं।
वहीं कमल की मां सईदा खान 60 के दशक की जानी-मानी अभिनेत्री थीं। शादी के बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दी थी।
shubham