80 साल की उम्र में 18 हजार फीट से छलांग,"तिरंगा लेकर दिखाया हरियाणवी जज्बा, देखें लाइव वीडियो

कैथल के 80 वर्षीय चूहड़ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट से स्काई डाइविंग कर तिरंगा लहराया। उनका साहसिक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

80 साल की उम्र में 18 हजार फीट से छलांग,"तिरंगा लेकर दिखाया हरियाणवी जज्बा, देखें लाइव वीडियो
  • कैथल के 80 वर्षीय चूहड़ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट से स्काई डाइविंग की
  • डाइविंग के दौरान तिरंगा लहराया, वीडियो में बोले- "हम हरियाणवी हैं, किसी से नहीं डरते"
  • पोते के साथ दो महीने के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं, इससे पहले 15 हजार फीट से भी लगा चुके हैं छलांग

हरियाणा के कैथल जिले के बात्ता गांव के 80 वर्षीय चूहड़ सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में 18 हजार फीट की ऊंचाई से स्काई डाइविंग कर साहस की नई मिसाल पेश की है। डाइविंग के दौरान उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर आसमान में लहराया। इस रोमांचक पल का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में स्काई डाइविंग से पहले चूहड़ सिंह पूरे आत्मविश्वास के साथ कहते नजर आते हैं, "हम हरियाणवी हैं, किसी से नहीं डरते। दूध पीकर आए हैं। डर होता तो विदेश नहीं आते।" इसके बाद वह ट्रेनर के साथ विमान से छलांग लगाते हैं। डाइविंग के दौरान भी उन्होंने अपना पारंपरिक सफेद कुर्ता पहना हुआ था।

डाइव लगाने के दौरान चूहड़ सिंह आसमान में चीयर करते नजर आए।

जानकारी के अनुसार, चूहड़ सिंह अपने पोते अंकित के साथ 1 जून को दो महीने के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए हैं। दोनों वहां अलग-अलग जगहों की सैर कर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में स्काई डाइविंग देखने के बाद चूहड़ सिंह ने खुद भी डाइव लगाने की इच्छा जताई, जिसे उनके पोते ने पूरा कराया।

यह चूहड़ सिंह की पहली स्काई डाइव नहीं है। इससे पहले वह पंजाब के पटियाला एयरफील्ड से 15 हजार फीट की ऊंचाई से भी स्काई डाइविंग कर चुके हैं। पहले के अनुभव के चलते इस बार उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ 18 हजार फीट से छलांग लगाई।

पोते अंकित ने बताया कि विमान से छलांग लगाने के बाद चूहड़ सिंह करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से नीचे आए और लगभग 60 सेकेंड तक हवा में रहे। इस दौरान उन्होंने सेल्फी स्टिक से कई तस्वीरें और वीडियो भी रिकॉर्ड किए।

चूहड़ सिंह ने बताया कि शुरुआत में उन्हें तिरंगा साथ ले जाने की अनुमति नहीं मिल रही थी, लेकिन अनुरोध करने पर ट्रेनर तैयार हो गया। इसके बाद उन्होंने डाइविंग के दौरान गर्व से तिरंगा लहराया

ऑस्ट्रेलिया टूर पर गए चूहड़ सिंह पोते अंकित के साथ।

अंकित ने बताया कि एक स्काई डाइविंग पर करीब 50 हजार रुपए का खर्च आता है। डाइविंग से पहले मेडिकल फिटनेस जांच की जाती है और डॉक्टर की अनुमति मिलने के बाद ही जंप करने की इजाजत दी जाती है।

उन्होंने कहा कि उनके दादा ने पूरी जिंदगी खेती-किसानी की है। अब उनकी खुशी और सुकून के लिए उन्हें विदेश घुमाया जा रहा है। इससे पहले दोनों यूएई और थाईलैंड की यात्रा भी कर चुके हैं और आगे अन्य देशों की यात्रा की भी योजना है।

अंकित के मुताबिक, चूहड़ सिंह आज भी पूरी तरह देसी जीवनशैली अपनाए हुए हैं। वह नियमित रूप से दूध, दही, रोटी और खिचड़ी का सेवन करते हैं तथा परिवार के पास करीब 5 एकड़ कृषि भूमि भी है।