मां की बरसी के दिन कारोबारी की गोलियां मारकर हत्या, दुकान में घुसकर बरसाईं 6 गोलियां
जींद के सफीदों में मां की बरसी के बाद दुकान पर बैठे कारोबारी गुरुदत्त की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश में गांव के युवक पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
➤ मां की बरसी के कुछ देर बाद दुकान पर कारोबारी की गोली मारकर हत्या
➤ सिर, छाती और पेट में 6 गोलियां लगने से रास्ते में तोड़ा दम
➤ परिजनों ने गांव के युवक पर रंजिश में हत्या कराने का लगाया आरोप
जींद/पानीपत। हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मां की बरसी के कार्यक्रम के कुछ ही देर बाद 32 वर्षीय कारोबारी गुरुदत्त उर्फ कल्लू की दुकान में घुसकर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में सिर, छाती और पेट में गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पहले सफीदों के निजी अस्पताल और फिर पानीपत ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हाट गांव निवासी गुरुदत्त शुक्रवार को अपनी मां की बरसी का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सींक मोड़ स्थित अपनी रोडी-बजरी और बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हथियारबंद युवक दुकान पर पहुंचा और बिना किसी बातचीत के ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही गुरुदत्त लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने गंभीर हालत में गुरुदत्त को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि पानीपत ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल, पानीपत की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। शनिवार को डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक से गुरुदत्त की पुरानी रंजिश चल रही थी। उसी ने बदमाशों को बुलाकर इस वारदात को अंजाम दिलाया। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी गांव में संदिग्ध लोगों की आवाजाही देखी गई थी। गुरुदत्त का छोटा भाई भारतीय सेना में तैनात है और उसके आने के बाद पुलिस को विस्तृत बयान दिए जाएंगे।
सफीदों थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan