व्यापारी से दिनदहाड़े लूट: 3 बदमाश ₹1.90 लाख लूटकर फरार, कूदनी हेड के पास वारदात

फतेहाबाद के जाखल में भैंस व्यापारी से तीन बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर ₹1.90 लाख लूट लिए। पुलिस ने नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

व्यापारी से दिनदहाड़े लूट: 3 बदमाश ₹1.90 लाख लूटकर फरार, कूदनी हेड के पास वारदात

कूदनी हेड के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी को बनाया निशाना
तेजधार हथियार दिखाकर ₹1.90 लाख की नकदी लूटकर हुए फरार
पुलिस ने नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की


फतेहाबाद जिले के जाखल क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। भैंसों के व्यापारी से बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ₹1 लाख 90 हजार की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना गांव कूदनी हेड के पास की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पीड़ित की पहचान टोहाना के वार्ड नंबर-4 स्थित रामनगर निवासी किशोरी लाल के रूप में हुई है। वह भैंसों का व्यापार करते हैं। घटना के समय वह गांव चांदपुरा से नकदी लेकर टोहाना लौट रहे थे।

कूदनी हेड के पास रुकवाई बाइक

पीड़ित किशोरी लाल ने बताया कि जैसे ही वह गांव कूदनी हेड के पास पहुंचे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक आए और उनकी बाइक रुकवा ली। बदमाशों के पास तेजधार हथियार था। उन्होंने हथियार दिखाकर डराया और उनके पास मौजूद ₹1 लाख 90 हजार की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी जाखल की ओर फरार हो गए।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए न्याय दिलाने की अपील की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही जाखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चारों ओर कराई गई नाकेबंदी

जाखल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद शहर के चारों ओर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चला रही हैं। उनका कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।