HTET Result 2026: हरियाणा HTET का रिजल्ट जारी, 16.57% रहा कुल परीक्षा परिणाम; 964 अभ्यर्थियों को मिलेगा एक और मौका

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET लेवल 1, 2 और 3 का परिणाम जारी किया। कुल 16.57 फीसदी अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए, 964 को बायोमेट्रिक का मौका मिलेगा।

तीनों स्तरों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 16.57 फीसदी रहा
1,92,220 अभ्यर्थियों ने दी थी HTET परीक्षा, 964 बायोमेट्रिक से रहे वंचित
विवादित प्रश्नों में सभी संबंधित अभ्यर्थियों को समान अंक दिए गए


 हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के लेवल 1, लेवल 2 और लेवल 3 का परिणाम घोषित कर दिया है। बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने परीक्षा परिणाम जारी करते हुए बताया कि तीनों स्तरों का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 16.57 फीसदी रहा है। परीक्षा में कुल 1,92,220 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। अभ्यर्थी अपने अनुक्रमांक और जन्मतिथि का विवरण दर्ज कर परीक्षा परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।

चेयरमैन के अनुसार, HTET के तीनों स्तरों में अलग-अलग संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। लेवल 1 (पीआरटी) में कुल 31,402 परीक्षार्थी, लेवल 2 (टीजीटी) में 99,896 परीक्षार्थी और लेवल 3 (पीजीटी) में 60,922 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। तीनों स्तरों को मिलाकर कुल परीक्षा परिणाम 16.57 फीसदी रहा है।

बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से छूटे 964 अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका

परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 10, 11 और 12 तारीख को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इस प्रक्रिया के लिए कुल 31,847 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 30,883 अभ्यर्थियों ने अपनी बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरी करवा ली, जबकि 964 अभ्यर्थी वेरिफिकेशन के लिए अनुपस्थित रहे।

बोर्ड चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने स्पष्ट किया कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से वंचित रहे इन 964 अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया जाएगा। इसके लिए तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इस बार यह बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन बोर्ड मुख्यालय परिसर में आयोजित होगी।

विवादित प्रश्नों पर सभी संबंधित अभ्यर्थियों को समान अंक

HTET परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों की ओर से उठाई गई आपत्तियों और विवादित प्रश्नों को लेकर भी बोर्ड चेयरमैन ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि जिस प्रश्न में तकनीकी समस्या थी, उसका लाभ सभी संबंधित परीक्षार्थियों को समान रूप से दिया गया है।

इसके अलावा बोर्ड को प्राप्त हुई अन्य आपत्तियों, ई-मेल और प्रार्थना पत्रों की स्क्रूटनी की जा रही है। इन सभी मामलों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्यवाही पूरी की जाएगी।

HTET परिणाम जारी होने के बाद परीक्षा में शामिल हुए 1,92,220 अभ्यर्थियों के लिए अब परिणाम की स्थिति स्पष्ट हो गई है। वहीं, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से छूटे 964 अभ्यर्थियों को एक और मौका दिए जाने की घोषणा से उन्हें भी प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा।