रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल से 71.27 लाख की ऑनलाइन ठगी, रिलायंस सिक्योरिटीज नाम पर ट्रेडिंग का झांसा, वॉट्सऐप ग्रुप से निवेश
हिसार में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल गुरनीश सिंह से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 71.27 लाख रुपए की साइबर ठगी। वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए रिलायंस सिक्योरिटीज नाम पर निवेश करवाया गया। मामला दर्ज।
• रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल से 71.27 लाख रुपए की साइबर ठगी
• व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर रिलायंस सिक्योरिटीज नाम का झांसा
• साइबर थाना हिसार में केस दर्ज, खातों को फ्रीज करने की मांग
मॉडल टाउन निवासी रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल गुरनीश सिंह से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 71.27 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता को “H204-Reliance Market Nexus” नामक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर रिलायंस सिक्योरिटीज के नाम पर भारी रकम निवेश करवाने का झांसा दिया गया।
ग्रुप एडमिन राकेश जैन और अद्विका शर्मा खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर शेयर ट्रेडिंग से भारी मुनाफे का लालच देते रहे। प्राथमिक जांच के बाद साइबर थाना हिसार ने धारा 318(4), 61 BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर 2025 को गुरनीश सिंह को ट्रेडिंग ग्रुप में शामिल किया गया। इसके बाद V95–Reliance Securities Customer नाम से दूसरा ग्रुप बनाया गया। वहां से एडमिन ने फर्जी वेबसाइट pc.rarcvip.com और ऐप RARC II के जरिए नकली ट्रेडिंग अकाउंट खोलकर पैसे जमा करवाए।
15 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच कई खातों में लाखों रुपए ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। 24 अक्टूबर को 25 लाख, 1.9 लाख और 2.5 लाख रुपए, 3 नवंबर को 11 लाख भेजे गए। भरोसा बनाने के लिए दो बार छोटी राशि वापस भेजी गई।
1 नवंबर को शिकायतकर्ता के नाम Orkla India Ltd के 34,400 फर्जी शेयर दिखाकर कथित रूप से 1.56 करोड़ रुपए मूल्य होने का दावा किया गया। विरोध करने पर धमकी दी गई कि नियमों के अनुसार आगे पैसा न डालने पर पूरा निवेश डूब जाएगा।
3 नवंबर को इंडसइंड बैंक के प्रबंधक ने खाते को संदिग्ध बताया और लेनदेन रोकने की सलाह दी। इसके बावजूद 11 नवंबर को 50,000 रुपए और भेजे गए। 18 नवंबर को 3 लाख रुपए की मांग पर पूरा शक पक्का हो गया।
20 नवंबर को शिकायत साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज हुई। 27 नवंबर को साइबर थाना हिसार ने केस दर्ज कर लिया। शिकायतकर्ता ने ठगी गई राशि वापस कराने, खातों को फ्रीज करने और एडमिन राकेश जैन, अद्विका शर्मा व सहयोगियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author1