वायरल बनने की सनक में मौत से खेला युवक, 282 फीट ऊंचे जिंदल टावर पर खौफनाक स्टंट
हिसार के जिंदल टावर पर युवक ने वायरल रील के लिए 282 फीट ऊंचाई पर खतरनाक स्टंट किए। बिना सुरक्षा मौत से खेलते युवक को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा।
- हिसार के जिंदल टावर पर युवक ने जानलेवा स्टंट किए
- 282 फीट ऊंचाई पर बिना सेफ्टी बेल्ट दिखाए करतब
- पुलिस ने माफी लिखवाकर दी कड़ी चेतावनी
हरियाणा के हिसार जिले में सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक किस कदर खतरनाक हो सकती है, इसका डरावना उदाहरण सामने आया है। शहर की पहचान माने जाने वाले जिंदल टावर की करीब 282 फीट ऊंची आखिरी मंजिल पर चढ़कर एक युवक ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए ऐसे स्टंट किए, जिन्हें देखकर नीचे खड़े लोगों की सांसे थम गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक पूरी तैयारी के साथ टावर पर पहुंचा था। उसने एक नहीं बल्कि तीन अलग-अलग तरीके से अपनी जान को जोखिम में डाला। सबसे पहले उसने बैग से बीयर की दो बोतलें और एक कैन निकाला और सुरक्षा बाउंड्री के बाहर जाकर बोतलों पर सिर के बल संतुलन बनाने की कोशिश की। जरा सी चूक उसे सीधे सैकड़ों फीट नीचे गिरा सकती थी।
दूसरे स्टंट में युवक ने टावर की बाहरी जाली को केवल हाथों से पकड़ा और हवा में लटक गया। इस दौरान उसने अपने पैरों को सिर के ऊपर से घुमाया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग सहम गए। तीसरे और सबसे खतरनाक करतब में उसने टावर के बाहरी हिस्से में अपने पैर फंसाकर खुद को उल्टा लटका लिया। इस दौरान उसके पास कोई सेफ्टी बेल्ट या रस्सी नहीं थी।
जब युवक मौत से खेल रहा था, तब नीचे जिंदल पार्क में मौजूद लोग उसका वीडियो बना रहे थे। सूचना मिलने पर सुरक्षाकर्मियों और टावर संचालकों ने तुरंत स्थिति की गंभीरता को समझा और युवक को नीचे उतारकर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस हिरासत में आते ही युवक ने अपनी गलती स्वीकार की। उसने हाथ जोड़कर माफी मांगी और लिखित में दिया कि भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेगा। इसके बाद पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए और परिजनों को बुलाकर उसे छोड़ दिया।
मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञों का कहना है कि आज की युवा पीढ़ी में डोपामाइन रश और इंस्टेंट फेम की भूख बढ़ती जा रही है। हिसार की यह घटना इसी मानसिकता का नतीजा मानी जा रही है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि एडवेंचर और लापरवाही के बीच की रेखा बेहद पतली होती है, जिसे पार करना जानलेवा साबित हो सकता है।
Akhil Mahajan