दूसरी महिला से रिश्ते ने उजाड़ दिया पूरा परिवार... पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दी जान

हिसार के मय्यड़ गांव में पत्नी की हत्या के बाद पति के मृत मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी महिला से रिश्ते ने उजाड़ दिया पूरा परिवार... पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दी जान

➤ हिसार में पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी फंदा लगाकर दी जान
➤ दूसरी महिला से संबंध और पैसों के विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा
➤ मृतका के भाई की शिकायत पर महिला और उसके पति पर केस दर्ज


हिसार। हरियाणा के हिसार जिले में सोमवार सुबह एक ही परिवार की दो मौतों से सनसनी फैल गई। मय्यड़ गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब सुबह दोनों बेटे कमरे में पहुंचे और माता-पिता को मृत अवस्था में देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

रात को हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद

मृतकों की पहचान बलजीत (40) और उनकी पत्नी दर्शना (38) के रूप में हुई है। बलजीत डीजे का काम करता था। पुलिस और परिजनों के अनुसार, रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में गंभीर झगड़े में बदल गया। आरोप है कि बलजीत ने पत्नी का गला घोंट दिया और उसके बाद उसी कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी।

परिजनों ने लगाए दूसरी महिला से संबंध के आरोप

परिजनों का आरोप है कि बलजीत के पिछले करीब पांच वर्षों से एक अन्य महिला के साथ संबंध थे। उनका कहना है कि महिला लगातार उस पर पैसों का दबाव बना रही थी। परिवार के अनुसार, कुछ दिन पहले इस विवाद को लेकर पंचायत भी हुई थी, जिसमें तय हुआ था कि बलजीत महिला को 70 हजार रुपये देगा। इसी तनाव को घटना की एक वजह बताया जा रहा है।

मौत के बाद भी आते रहे फोन

परिवार का दावा है कि घटना के बाद भी संबंधित महिला के फोन आते रहे। जब उसे बलजीत की मौत की जानकारी दी गई तो उसने इस पर विश्वास नहीं किया। परिजनों का आरोप है कि लगातार बन रहे दबाव के कारण बलजीत मानसिक तनाव में था। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

महिला और उसके पति पर केस दर्ज

सदर थाना पुलिस ने मृतका के भाई रतनलाल की शिकायत पर बलजीत के खिलाफ हत्या तथा संबंधित महिला और उसके पति के खिलाफ षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।