हिमाचल में खिली धूप, 27 जुलाई से फिर भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में कई दिनों बाद धूप खिली है। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे मानसून कमजोर रहने और 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
-
- हिमाचल में कई दिनों बाद निकली धूप, अगले 72 घंटे मानसून रहेगा कमजोर
- 27 से 29 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने ऑरेंज अलर्ट किया जारी
- मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 10% कम बारिश, चंबा में तापमान सबसे ज्यादा गिरा
हिमाचल प्रदेश में कई दिनों की लगातार बारिश के बाद गुरुवार सुबह लोगों को राहत मिली। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह धूप खिली, जिससे मौसम सुहावना हो गया। हालांकि सुबह करीब 11 बजे के बाद आसमान में हल्के बादल छा गए। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 72 घंटे तक प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि 27 जुलाई से एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम फिर करवट लेगा। इसके प्रभाव से 27 से 29 जुलाई के बीच प्रदेश के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह में सोलन जिले के अधिकांश हिस्सों तथा शिमला और सिरमौर के कुछ इलाकों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। वहीं बिलासपुर और किन्नौर के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य वर्षा का अनुमान है। चंबा, कांगड़ा, ऊना और हमीरपुर में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 30 जुलाई से 5 अगस्त के बीच भी प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। मध्य पर्वतीय और निचले क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश जिलों में वर्षा सामान्य से कम रहने का अनुमान है, जबकि किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है।

-
मानसून सीजन की बात करें तो प्रदेश में 1 जून से 23 जुलाई के बीच अब तक 255.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 285.2 मिलीमीटर मानी जाती है। यानी प्रदेश में अब तक करीब 10 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है।
जिलावार आंकड़ों के अनुसार हमीरपुर में सामान्य से 41 प्रतिशत, मंडी में 31 प्रतिशत, कांगड़ा में 20 प्रतिशत, बिलासपुर में 9 प्रतिशत, चंबा में 4 प्रतिशत और सिरमौर में 1 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं किन्नौर में सामान्य से 29 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 11.7 डिग्री गिरकर 22.3 डिग्री सेल्सियस रह गया। इसके अलावा कांगड़ा में 27.4 डिग्री, केलांग में 17.7 डिग्री, मनाली में 21 डिग्री, मंडी में 29.3 डिग्री और कुफरी में 18.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
pooja