हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़बारी शुरू
हिमाचल के मनाली, रोहतांग और भरमौर में सीजन का पहला हिमपात हुआ। कई जिलों में तेज बारिश हुई, शिमला में विजिबिलिटी 20 मीटर से कम रही।
मनाली-रोहतांग और भरमौर की ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात, 1 से 1.5 इंच बर्फ जमी
➤ मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, कई जिलों में तेज बारिश और शिमला में विजिबिलिटी 20 मीटर से कम
➤ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बढ़ी ठंड, अगले पांच दिन बारिश के आसार नहीं; दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री उछाल संभव
हिमाचल प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। मनाली, रोहतांग और भरमौर की ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात हुआ है। आज सुबह तड़के इन क्षेत्रों के ऊंचे पहाड़ों पर करीब एक से डेढ़ ईंच मोटी बर्फ की चादर बिछ गई। खास बात यह है कि इन इलाकों में आमतौर पर 15 अक्टूबर के आसपास हिमपात होता है, लेकिन इस बार करीब एक महीना पहले ही बर्फबारी हो गई।
अभी प्रदेश से मानसून की विदाई नहीं हुई है। ऐसे में मानसून के बीच ही ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली है। बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है और सुबह-शाम तथा रात के समय ठिठुरन का एहसास होने लगा है।
रोहतांग और मनाली की चोटियों पर बर्फ की चादर
मनाली की ऊंची चोटियों के साथ रोहतांग और भरमौर की ऊंची चोटियों पर भी सीजन का पहला हिमपात हुआ। बर्फबारी के बाद इन क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है। ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर खास तौर पर सुबह और रात के समय महसूस किया जा रहा है।
लाहौल स्पीति के कुकुमसैरी और ताबो में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ने लगी है।
प्रदेश के कई हिस्सों में रात से बारिश, नयना देवी में 86.8 मिमी पानी बरसा
हिमपात के साथ ही प्रदेश के अन्य भागों में भी मौसम खराब रहा। राज्य के कई हिस्सों में बीती रात से बारिश जारी रही। बिलासपुर के नयना देवी में सबसे ज्यादा 86.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इसके अलावा मंडी के मारुति देवी में 50.6 मिमी, सलापड़ मंडी में 48.1 मिमी और पांवटा साहिब में 31.0 मिमी बारिश हुई।
बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव साफ नजर आया। कई इलाकों में आसमान बादलों से घिरा रहा और बारिश का दौर जारी रहा।
दोपहर तीन बजे तक चार जिलों में बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर दोपहर बाद तीन बजे तक लाहौल स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और शिमला जिला के कई भागों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
वहीं कांगड़ा, मंडी, सोलन, सिरमौर और चंबा के कुछेक भागों में बूंदाबांदी हो सकती है।
शिमला में सुबह नौ बजे तक अंधेरा सा छाया रहा। खराब मौसम के कारण यहां विजिबिलिटी 30 मीटर से भी नीचे गिर गई। शिमला के अलावा मनाली, कांगड़ा, सोलन, भरमौर व कांगड़ा के कई भागों में बारिश हो रही है।
शिमला में आज सवा सात बजे मौसम बदलने के बाद विजिबिलिटी 20 मीटर से भी कम हो गई।
एक सप्ताह में सामान्य से 31 फीसदी कम बारिश
प्रदेश में बीते एक सप्ताह से मानसून कमजोर पड़ा रहा। इस दौरान सामान्य से 31 फीसदी कम बारिश हुई है। पूरे मानसून सीजन की बात करें तो अब तक सामान्य से 11 फीसदी कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक भी प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने का पूर्वानुमान है। हालांकि, आज मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कल से कमजोर पड़ेगा मानसून, अगले पांच दिन बारिश के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक कल से मानसून कमजोर पड़ेगा। इसके बाद प्रदेश में अगले पांच दिनों में बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, इस दौरान इक्का-दुक्का स्थानों पर बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है।
इस बदलाव के साथ प्रदेश के मौसम में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ने की संभावना है। ऊंचे क्षेत्रों में रातें ठंडी रहेंगी, जबकि दिन के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
बारिश और बर्फबारी के बाद औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे
बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे चला गया है। इसके कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है।
मैदानी इलाकों में धूप के बाद उमस भरी गर्मी बढ़ी
जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ रही है, वहीं दिन में धूप निकलने के बाद प्रदेश के मैदानी इलाकों में उमस भरी गर्मी बढ़ी है। सामान्य की तुलना में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी केलांग में दर्ज हुई।
केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा और यहां दिन का तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
वहीं मंडी में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। यहां दिन का पारा 32.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
राजधानी शिमला में भी दिन के तापमान में सामान्य से 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। यहां अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले सप्ताह दिन गर्म और रातें ठंडी रहने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह मानसून कमजोर रहने और धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा।
यानी आने वाले दिनों में प्रदेश में दिन के समय गर्मी और रात में ठंड का दौर बढ़ सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में दिन के समय धूप के कारण उमस और गर्मी महसूस हो सकती है।
Akhil Mahajan