मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रोहतक में झंडी दिखाकर ड्रग्स फ्री नमो मैराथन रवाना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रोहतक में नशा मुक्ति मैराथन, पौधारोपण, हेल्थ चैकअप, रक्तदान शिविर और स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रोहतक में झंडी दिखाकर  ड्रग्स फ्री नमो मैराथन रवाना की

➤ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक में नशा मुक्त हरियाणा नमो मैराथन का किया उद्घाटन
➤ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरूआत
➤ केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के साथ पौधारोपण, स्वास्थ्य प्रदर्शनी, रक्तदान शिविर और हेल्थ चेकअप कैम्प आयोजित


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर रोहतक में विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सुभाष चौक से नशा मुक्त हरियाणा की नमो मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाना और स्वस्थ समाज की दिशा में कदम बढ़ाना है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर प्रदेश व देशवासियों को शुभकामनाएँ दीं और इस खास दिन पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विचारानुसार यदि नारी स्वस्थ होगी तो परिवार और समाज सशक्त बनेंगे।

साथ ही, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, सेक्टर 2, नगर निगम की भूमि पर निर्मित नमो मियावाकी वन में संयुक्त रूप से पौधारोपण किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय स्थित टैगोर सभागार में आयोजित स्वास्थ्य प्रदर्शनी, हेल्थ चेकअप कैंप, रक्तदान शिविर और पोषण अभियान में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दोपहर 12 बजे वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से लाइव जुड़े।

कार्यक्रम का उद्देश्य नारी सशक्तिकरण और स्वस्थ समाज की दिशा में प्रदेशवासियों को प्रोत्साहित करना बताया गया। पौधारोपण के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत विशेष पौधे लगाए गए। इस पूरी मुहिम से हरियाणा में नशामुक्त समाज, स्वस्थ परिवार और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की पहल की गई।