हरियाणा में बढ़ी ठंड, हिसार 7.4 डिग्री पर पहुंचा

हरियाणा में ठंड बढ़ रही है और हिसार में तापमान 7.4 डिग्री दर्ज हुआ। सुबह-शाम धुंध और कंपकंपी बढ़ी। 27 नवंबर से बादल छाने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।

हरियाणा में बढ़ी ठंड, हिसार 7.4 डिग्री पर पहुंचा

➤ हिसार में तापमान 7.4 डिग्री
➤ सुबह-शाम बढ़ी सर्दी और धुंध
➤ 27 नवंबर से बादल और बढ़ेगी ठंड



हरियाणा में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद राज्य में एक बार फिर न्यूनतम तापमान तेजी से गिरने लगा है। बुधवार सुबह हिसार सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है। राज्य के 11 शहरों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। इससे लोगों को सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हरियाणा में अगले 3 से 4 दिन तापमान में और गिरावट देखी जाएगी। 27 नवंबर से एक बार फिर बादल छाने शुरू होंगे, जिससे दिन के तापमान में गिरावट और ठंड में बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से राज्य में धुंध और गहरी हो सकती है। इस समय सुबह के समय हल्की धुंध देखी जा रही है, जबकि शाम ढलते ही ठंड अचानक बढ़ जाती है।

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर हरियाणा सहित पूरे उत्तर भारतीय मैदानी इलाकों में हो रहा है। शाम 4 बजे के बाद ही ठंड असर दिखाने लगती है। हालांकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य के आसपास 27 से 28 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री और न्यूनतम 6 से 9 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 28 नवंबर तक मौसम सामान्यतः खुश्क रहेगा। इस दौरान उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी, जिनके कारण सुबह और शाम ठंड जारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि वातावरण में नमी बढ़ने के कारण कई स्थानों पर सुबह हल्की धुंध बने रहने की संभावना है। वहीं 27 और 28 नवंबर को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई भी देखी जा सकती है, जो दिन के तापमान में हल्की गिरावट ला सकती है।