हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, कई जिलों में बारिश; अगले 3 घंटे के लिए अलर्ट जारी

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है, जबकि 11 जिलों में हीटवेव की चेतावनी भी बनी हुई है।

हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच बदला मौसम, कई जिलों में बारिश; अगले 3 घंटे के लिए अलर्ट जारी

➤ भिवानी, रोहतक, कैथल और फतेहाबाद में बारिश से मौसम बदला

➤ अगले 3 घंटे में 11 जिलों में तेज हवा और बारिश का अलर्ट

➤ भिवानी रहा सबसे गर्म शहर, तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज


हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच रविवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। भिवानी, रोहतक, कैथल के पूंडरी और फतेहाबाद के रतिया में बारिश और तेज हवाओं से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ ने शाम करीब 6:30 बजे तक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

फतेहाबाद के रतिया में दोपहर को तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, चरखी दादरी, भिवानी सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम खराब रह सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने की सलाह दी है।

रोहतक में दोपहर बाद मौसम बदला और बारिश हुई।

शनिवार तक के मौसम आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। भिवानी सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज गर्मी और उमस के बीच हुई बारिश से कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया।

दूसरी ओर मौसम विभाग ने रविवार को अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह (मेवात) और पलवल सहित 11 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया है। लोगों से दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की गई है।

कैथल के पूंडरी में दोपहर बाद तेज बारिश हुई।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 2 जुलाई तक मौसम सामान्यतः परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहने, हवाओं की दिशा बदलने तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी। 2 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियां और सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्री-मानसून बारिश में बढ़ोतरी होगी और तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।