हरियाणा के 4 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, मौसम फिर बदलेगा करवट
हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। रोहतक सबसे गर्म रहा, जबकि मानसून जुलाई में आने की संभावना है।
हरियाणा के 4 जिलों में आज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट
रोहतक 40.9 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा
मानसून की एंट्री इस बार जुलाई में होने की संभावना जताई गई
हरियाणा में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने शनिवार 21 जून को प्रदेश के 4 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और छिटपुट बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हालांकि शनिवार को पूरे प्रदेश में उमस और गर्मी का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इससे लोगों को दिनभर गर्मी और बेचैनी का सामना करना पड़ा।
रोहतक 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं फतेहाबाद और भिवानी में हुई हल्की बूंदाबांदी से स्थानीय लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जिलों में कुछ स्थानों पर करीब 25 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है।
हिसार में शनिवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था। आसमान में बादल छाने के साथ हवाएं चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत महसूस हुई।
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार 22 जून को प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज होंगी। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र जिलों में आंधी के साथ बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है।
23 जून को भी मौसम में हलचल बनी रहेगी। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं 24 जून को पूरे हरियाणा में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
इस बीच जून महीने में प्रदेश में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 20 जून के बीच हरियाणा में 26.4 एमएम बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 24.9 एमएम मानी जाती है।
आंकड़ों के मुताबिक इस बार प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं 12 जून से 18 जून के बीच सामान्य 13.5 एमएम के मुकाबले 20.2 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य से करीब 50 प्रतिशत ज्यादा है।
pooja