हरियाणा में फिर बढ़ेगी गर्मी, 7 जिलों में लू का अलर्ट; 11 जून के बाद बदल सकता है मौसम
हरियाणा में 12 जून तक मौसम शुष्क और गर्म रहने का अनुमान है। 7 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 11 जून के बाद बारिश और आंधी की संभावना है।
- हरियाणा में 12 जून तक मौसम शुष्क और गर्म रहने का अनुमान
- 7 जिलों में लू चलने की चेतावनी, तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचा
- 11 जून के बाद बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना
हरियाणा में पिछले तीन दिनों तक चली आंधी और बारिश के बाद मौसम भले ही सुहावना हो गया हो, लेकिन अब प्रदेशवासियों को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने 12 जून तक प्रदेश में मौसम के सामान्यतः शुष्क और गर्म रहने का पूर्वानुमान जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी शुष्क हवाएं सक्रिय रहने से दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली और तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। सबसे अधिक तापमान रोहतक में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 42.4 डिग्री, नूंह और सिरसा में 41.4 डिग्री तथा अंबाला में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन जिलों में गर्मी का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिला।
मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के सात जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में अलग-अलग स्थानों पर हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 8 जून से 10 जून तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि 11 जून से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। 11 से 13 जून के बीच हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाएं, बिजली गिरने और धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान लगातार बढ़ेगा, जबकि रात के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने किसानों और आम नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
Akhil Mahajan