वेलकम मानसून! हरियाणा में झमाझम बारिश, 8 जिलों में बारिश; हिसार-गुरुग्राम में छाया रेत का गुब्बार

हरियाणा के 14 जिलों में ओले गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में बारिश हुई, जबकि हिसार में धूलभरी आंधी देखने को मिली।

वेलकम मानसून! हरियाणा में झमाझम बारिश,  8 जिलों में बारिश; हिसार-गुरुग्राम में छाया रेत का गुब्बार
  • हरियाणा के 14 जिलों में ओले गिरने और तेज आंधी का अलर्ट जारी
  • पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में बारिश, गुरुग्राम में जनजीवन प्रभावित
  • हिसार में धूलभरी आंधी से आसमान में छाया रेत का गुबार

हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। जहां एक ओर देश में मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है, वहीं हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में ओले गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।

हिसार में गुरुवार शाम पांच बजे आसमान में धूल छा गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

गुरुवार दोपहर से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया। फरीदाबाद, फतेहाबाद, पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी और कैथल में बारिश दर्ज की गई। गुरुग्राम में तेज आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ, जबकि शाम होते-होते भिवानी और नारनौल में भी बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग ने शाम करीब 5:15 बजे जारी अपडेट में बताया कि अगले तीन घंटों के दौरान दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।

इसके अलावा सिरसा, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह, पलवल और पंचकूला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों पर न रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

हिसार में शाम के समय धूलभरी आंधी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। शहर में अचानक आसमान धूल से भर गया और दृश्यता प्रभावित हो गई। कई स्थानों पर लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

रेवाड़ी में भी गुरुवार की शाम चार बजे बूंदाबांदी हुई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान में औसतन 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिली है।

विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने के कारण अगले 24 से 48 घंटों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।