हरियाणा में दो युवतियों की हत्‍या, 25 साल की युवती की सिर कटी मिली लाश, शरीर पर मिले सिर्फ अंडरगारमेंट्स, गुरूग्राम में हत्या कर शव मिट्टी में दबाया

हरियाणा के गुरुग्राम और यमुनानगर में दो महिलाओं की संदिग्ध मौत मिलीं। एक का शव मिट्टी में दबा मिला, जबकि दूसरी की सिर कटी नग्न लाश बरामद। पुलिस जांच तेज।

हरियाणा में दो युवतियों की हत्‍या, 25 साल की युवती की सिर कटी मिली लाश, शरीर पर मिले सिर्फ अंडरगारमेंट्स, गुरूग्राम में हत्या कर शव मिट्टी में दबाया
  • गुरुग्राम और यमुनानगर में दो महिलाएं संदिग्ध हालात में मृत मिलीं, दोनों मामलों से प्रदेश में सनसनी

  • गुरुग्राम में महिला की लाश मिट्टी में दबाई मिली, जबकि यमुनानगर में युवती की सिर कटी नग्न लाश मिली

  • पुलिस CCTV, CDR और मिसिंग रिपोर्ट के आधार पर पहचान व आरोपी तलाशने में जुटी


हरियाणा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुग्राम और यमुनानगर में दो महिलाओं की हत्या के संदिग्ध मामलों ने प्रदेश को हिलाकर रख दिया है।

गुरुग्राम के इफ्को चौक मेट्रो स्टेशन के पास लेजर वैली पार्क के नजदीक मिट्टी में दबी एक लगभग 35 वर्षीय महिला की लाश मिली, जिसे राहगीरों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-29 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी हटवाई और डेडबॉडी बरामद की।

शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले, लेकिन गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल टावर के CDR खंगाल रही है। देर रात सुनसान इलाके में शव ठिकाने लगाए जाने की आशंका मजबूत है।

मिसिंग रिपोर्ट का मिलान किया जा रहा है और क्राइम यूनिट भी जांच में शामिल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पहचान उजागर हो सकती है।

दूसरी घटना यमुनानगर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र की है, जहां पॉपुलर की नर्सरी में नग्न अवस्था में सिर कटी युवती की लाश मिली। शव को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

नर्सरी संचालक परमजीत ने बताया कि रविवार दोपहर खेतों में पानी देने पहुंचने पर उसने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवती की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। शरीर पर सिर्फ अंडरगारमेंट मिले हैं।

पुलिस का मानना है कि युवती की कहीं और हत्या की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को रात में यहां फेंका गया। पुलिस आसपास के थानों में युवती की फोटो भेज चुकी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है

ग्रामीणों ने रेप की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट होगी