हरियाणा में 80 KM/H की रफ्तार से आया तूफान, 15 गायों की मौ*त,आंधी-बारिश से तबाही, करंट लगने से दुकानदार की मौ*त
हरियाणा में 80 KM/H की रफ्तार से आए तूफान और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। हिसार में 15 गायों की मौत हुई, जबकि कुरुक्षेत्र में करंट लगने से दुकानदार की जान चली गई।
80 KM/H की रफ्तार से चली आंधी-तूफान ने कई जिलों में मचाई तबाही
हिसार में डेयरी की छत उड़ने से 15 गायों की मौत
कुरुक्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दुकानदार की मौत
हरियाणा में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
सबसे बड़ा नुकसान हिसार के हिंदवान गांव में सामने आया, जहां तेज आंधी के कारण एक डेयरी का टिनशेड उड़ गया। छत गिरने से मलबे के नीचे दबकर 15 गायों की मौत हो गई। पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
वहीं कुरुक्षेत्र में बारिश के दौरान दो बड़े हादसे हुए। झांसा रोड स्थित एक दुकान की छत पर जमा पानी निकालने गए दुकानदार राहुल कुमार उर्फ भोलू (35) की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुकान के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कुरुक्षेत्र के रावा गांव में भी तेज बारिश के बाद एक मकान की छत ढह गई। हादसे के समय नीचे बैठे बलदेव सिंह मलबे में दब गए। पड़ोसियों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
फतेहाबाद के जाखल और टोहाना क्षेत्र में कई पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित रहा। टोहाना के अमानी गांव में एक करीब 10 फीट ऊंची दीवार कार पर गिर गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऐलनाबाद क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण ट्रांसफॉर्मर खेतों में गिर गया।
सोनीपत, पानीपत, अंबाला, यमुनानगर और सिरसा में भी तेज बारिश दर्ज की गई। कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए पूरे हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी 22 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी पहुंचने के कारण प्रदेश में यह मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। 13 जून से मौसम में कुछ सुधार की संभावना है, लेकिन 15 जून के बाद ही प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिली है। हालांकि भिवानी में अधिकतम तापमान अभी भी 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
pooja