रोहतक में खेल मंत्री गौरव गौतम का राहुल गांधी पर हमला: बोले– कांग्रेस की न नीति, न नियत
रोहतक में खेल मंत्री गौरव गौतम ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए 2036 ओलंपिक और विजयभव योजना को लेकर बड़ा बयान दिया।
➤ राहुल गांधी पर निशाना, संसद की सच्चाई जनता जानती है
➤ 2036 ओलंपिक की तैयारी शुरू, ₹20 हजार करोड़ की विजयभव योजना लॉन्च
➤ हरियाणा को खेलों का हब बनाने का लक्ष्य, बजट में बढ़ेगा खेलों का प्रावधान
रोहतक में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में जो कुछ हुआ, उसकी सच्चाई देश की जनता भली-भांति जानती है। कांग्रेस के पास न तो कोई स्पष्ट नीति है और न ही सही नियत। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और विश्व स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
खेल मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में देश की सीमाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और सेना को पूरी खुली छूट दी गई है। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौर में आतंकी हमलों के बाद दिल्ली में बैठी सरकारें समझौते के लिए मजबूर हो जाती थीं और सफेद झंडा दिखाकर आतंकियों से बातचीत करती थीं। लेकिन मौजूदा सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाई है और किसी भी तरह के समझौते से इनकार किया है।
गौरव गौतम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता बेवजह सरकार पर आरोप लगाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और झूठे आरोपों में फंसने वाली नहीं है।
2036 ओलंपिक की मेजबानी को लेकर पूछे गए सवाल पर खेल मंत्री ने कहा कि भारत को ओलंपिक दिलाने के लिए हरियाणा सरकार ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ₹20 हजार करोड़ की “विजयभव योजना” को लॉन्च किया है, जिसके तहत प्रदेश में खेल सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य हरियाणा को खेलों का हब बनाना है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें। आने वाले समय में नए स्टेडियम, खेल अकादमी, प्रशिक्षण केंद्र और आधुनिक खेल संसाधनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
20 फरवरी को पेश होने वाले हरियाणा बजट को लेकर खेल मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 1000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर चुकी है। इसके अलावा लगभग 700 करोड़ रुपये खिलाड़ियों को कैश अवार्ड के रूप में दिए जा चुके हैं। आगामी बजट में खेलों के लिए और अधिक प्रावधान किया जाएगा।
खेल मंत्री गौरव गौतम आज महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित स्पेशल ओलंपिक चैंपियनशिप कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Akhil Mahajan