हरियाणा में 3 दिन मौसम का कहर, आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी
हरियाणा में 11 से 13 जून तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी है। कई जिलों में 80 KMPH तक हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है।
हरियाणा में 11 से 13 जून तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
कई जिलों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है
पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सरकुलेशन के असर से मौसम में बड़ा बदलाव
हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सरकुलेशन और पहाड़ों की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज रात से मौसम पूरी तरह बदलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से 13 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी और मध्य हरियाणा के जिलों अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद और पंचकूला में बारिश का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में 50 से 75 प्रतिशत हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना जताई गई है।
वहीं सिरसा, हिसार, भिवानी, गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ समेत पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा के जिलों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जून महीने के शुरुआती 11 दिनों में यह तीसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिससे मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सामान्य तौर पर हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, लेकिन कई इलाकों में अचानक यह रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 14 जून तक प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि 11 जून को पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ने और पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 11 जून की रात से 13 जून तक हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक बना हुआ है। बुधवार को रोहतक राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 43.9 डिग्री, सिरसा में 43.6 डिग्री और अंबाला में 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान की बात करें तो गुरुग्राम सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर सिरसा में रात का तापमान 30.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 29.4 डिग्री सेल्सियस रहा। महेंद्रगढ़ में 19 मिलीमीटर तथा भिवानी और हिसार में 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज होने से रात के तापमान में कुछ राहत देखने को मिली है।
pooja