हरियाणा सरकार का तोहफा, बुढ़ापा पेंशन 3200 रुपए हुई

हरियाणा की सैनी सरकार के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुढ़ापा पेंशन 3000 से बढ़ाकर 3200 रुपए करने की घोषणा की। 1 नवंबर से लागू होगी नई पेंशन। सरकार ने 217 में से 46 वादे पूरे करने का दावा किया।

हरियाणा सरकार का तोहफा, बुढ़ापा पेंशन 3200 रुपए हुई

हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन बढ़ी, अब 3200 रुपए मिलेंगे हर महीने
सीएम नायब सैनी ने सरकार के एक साल पूरे होने पर किया बड़ा ऐलान
पंचकूला कार्यक्रम में बोले सीएम, 217 में से 46 संकल्प पूरे, पारदर्शिता से चलेगी सरकार


हरियाणा की सैनी सरकार ने अपने एक साल पूरे होने के मौके पर जनता को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में घोषणा की कि प्रदेश के बुजुर्गों को अब हर महीने 3200 रुपए वृद्धावस्था पेंशन मिलेगी। यह बढ़ोतरी 1 नवंबर 2025 से लागू होगी।

पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में CM नायब सैनी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो अपने वरिष्ठ नागरिकों को इतनी उच्च पेंशन राशि प्रदान कर रहा है। इससे पहले जनवरी 2024 में पेंशन ₹2750 से ₹3000 की गई थी, और अब 200 रुपए की और बढ़ोतरी के साथ यह ₹3200 प्रति माह हो जाएगी।

कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते मुख्यमंत्री नायब सैनी।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि “हमारी सरकार ने वादे नहीं, काम किए हैं। हमने जो कहा, उसे निभाया। हमने 100 दिन का हिसाब दिया और अब एक साल का भी दे रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 46 पूरे हो चुके हैं और 158 पर कार्य प्रगति पर है। दावा किया गया कि इस वित्त वर्ष के अंत तक 90 से अधिक संकल्प पूरे कर लिए जाएंगे।

कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि “मेरी हंसी हरियाणा के जन-जन की हंसी है। मैं हंसता हूं तो विपक्ष का पेट खराब हो जाता है।”
इसके साथ ही उन्होंने हाल के आईपीएस वाई पूरण कुमार और एएसआई संजीव लाठर केसों पर भी प्रतिक्रिया दी। सैनी ने कहा कि “सरकार किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी। दूध का दूध और पानी का पानी होगा।” उन्होंने साफ किया कि दोनों मामलों की जांच चंडीगढ़ पुलिस और हरियाणा पुलिस द्वारा पूरी पारदर्शिता से की जा रही है।

सीएम ने घोषणा की कि धनतेरस के दिन भी राज्य की सभी तहसीलें खुली रहेंगी, ताकि लोग रजिस्ट्री कार्य करवा सकें। उन्होंने कहा, “जनसेवा हमारा धर्म है और कर्मचारी इसकी मिसाल पेश कर रहे हैं।”