राष्ट्रीय जल पुरस्कार में हरियाणा देश में तीसरे स्थान पर, राष्ट्रपति ने दिया सम्मान
हरियाणा को राष्ट्रीय जल पुरस्कार में तीसरा स्थान मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्री श्रुति चौधरी को सम्मान दिया। राज्य को कुल चार कैटेगरी में अवॉर्ड प्राप्त हुए।
-
हरियाणा को राष्ट्रीय जल पुरस्कार में तीसरा स्थान
-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंत्री श्रुति चौधरी को सम्मान प्रदान किया
-
तीन कैटेगरी में हरियाणा को कुल चार अवॉर्ड
दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में हरियाणा को बेस्ट स्टेट श्रेणी में तीसरा स्थान मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेश की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी को यह सम्मान प्रदान किया। पुरस्कार लेते हुए मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि हरियाणा के किसानों, जनता की जागरूकता और सरकार की योजनाओं की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने इस सम्मान को राज्य के लोगों को समर्पित किया।
मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से जल संरक्षण की दिशा में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और प्रयासों ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्वर्गीय चौधरी बंशीलाल और सुरेंद्र सिंह के सपनों को साकार करने की दिशा में एक कदम है।
.राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2018 में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया था। इन पुरस्कारों का उद्देश्य जल संरक्षण, प्रबंधन और सतत उपयोग को बढ़ावा देना है। पुरस्कार उन संस्थानों और व्यक्तियों को दिए जाते हैं, जिन्होंने ‘जल समृद्ध भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
केंद्र सरकार द्वारा घोषित परिणामों में हरियाणा को तीन अलग-अलग कैटेगरी में कुल चार अवॉर्ड मिले हैं। ‘बेस्ट स्टेट’ श्रेणी में महाराष्ट्र पहले, गुजरात दूसरे तथा हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। यह उपलब्धि राज्य में चलाए जा रहे जल संरक्षण अभियानों और सूक्ष्म सिंचाई परियोजनाओं के सकारात्मक परिणामों को दर्शाती है।
हरियाणा ने ‘बेस्ट इंस्टीट्यूट’ (स्कूल और कॉलेज छोड़कर) कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया है। यह सम्मान चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार को जल संरक्षण और कृषि जल प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है।
‘बेस्ट इंडस्ट्री’ कैटेगरी में भी हरियाणा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इस श्रेणी में हीरो मोटोकॉर्प, गुरुग्राम को दूसरा और झज्जर पावर लिमिटेड को तीसरा स्थान मिला है। इस कैटेगरी में तमिलनाडु की अपोलो टायर्स लिमिटेड प्रथम रही। हरियाणा में इस सम्मान को लेकर उत्साह का माहौल है और राज्य सरकार ने इसे जल संरक्षण की दिशा में अपने प्रयासों की बड़ी उपलब्धि बताया है।
Author1