हरियाणा के पदक विजेता खिलाड़ियों को आज मिलेगी सरकारी नौकरी, बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र

हरियाणा सरकार आज OSP नीति के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को ग्रुप A, B और C पदों पर नियुक्ति पत्र देगी। कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित होगा।

हरियाणा के पदक विजेता खिलाड़ियों को आज मिलेगी सरकारी नौकरी, बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र

हरियाणा सरकार आज पदक विजेता खिलाड़ियों को सौंपेगी नियुक्ति पत्र

OSP नीति के तहत ग्रुप-A, B और C पदों पर होगी भर्ती

2020 से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति देने की दिशा में आज एक अहम कदम उठाया जाएगा। खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित कार्यक्रम में पदक विजेता खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।

हरियाणा के खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम। - Dainik Bhaskar

यह कार्यक्रम दोपहर एक बजे आयोजित होगा। इसमें आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन (OSP) नीति के तहत चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी जाएंगी। चयनित खिलाड़ियों को ग्रुप-A, ग्रुप-B और ग्रुप-C श्रेणियों के पदों पर नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने वाले खिलाड़ियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह कार्यक्रम बड़ी राहत लेकर आया है।

हरियाणा लंबे समय से देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल रहा है। प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नकद पुरस्कार, सरकारी नौकरी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। सरकार का मानना है कि खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर देने से युवाओं का खेलों की ओर रुझान और बढ़ेगा।

कार्यक्रम में खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहेंगे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित खिलाड़ियों का सरकारी सेवा में शामिल होने का रास्ता साफ हो जाएगा।