हरियाणा में 9 IPS और 14 HPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, पंचकूला को मिला नया पुलिस कमिश्नर
हरियाणा सरकार ने 9 IPS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। पंकज नैन को पंचकूला पुलिस कमिश्नर बनाया गया, जबकि ATS, जेल और FSL में भी बड़े बदलाव हुए।
➤ हरियाणा सरकार ने 9 IPS और 14 HPS अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए
➤ पंकज नैन बने पंचकूला पुलिस कमिश्नर, ATS और जेल विभाग में भी बड़े बदलाव
➤ तत्काल प्रभाव से लागू हुए आदेश, कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 9 IPS और 14 HPS अधिकारियों के तबादले व नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस फेरबदल में पंचकूला पुलिस कमिश्नरेट, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), जेल विभाग और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) समेत कई महत्वपूर्ण इकाइयों में बदलाव किए गए हैं।
सरकार ने IPS अधिकारी पंकज नैन को अतिरिक्त जिम्मेदारियों के साथ पुलिस कमिश्नर, पंचकूला नियुक्त किया है। वहीं सृष्टि गुप्ता को AIG (वेलफेयर), पुलिस मुख्यालय और SP/HSNCB की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर अदिति सिंह को डीसीपी पंचकूला बनाया गया है।
प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से ATS में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। नाजनीन भसीन को आईजीपी, ATS का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा लोकेंद्र सिंह, उपासना और वरुण सिंगला को एसपी, ATS हरियाणा नियुक्त किया गया है।
डीजीपी अर्शिंदर सिंह चावला को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ महानिदेशक, जेल (प्रिजन्स) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं डीजीपी कला रामचंद्रन को निदेशक, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL), मधुबन का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
IPS अधिकारियों के साथ-साथ सरकार ने 14 HPS (हरियाणा पुलिस सेवा) अधिकारियों के भी स्थानांतरण और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। सरकार का कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाना है।
Akhil Mahajan