हिसार के पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म, लोगों में दहशत
हिसार और यमुनानगर में पेट्रोल-डीजल की कमी के चलते पंपों पर भीड़, बोतल-ड्रम में तेल देना बंद। केंद्र ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर दाम स्थिर रखे।
■ हिसार के पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म, लोगों में दहशत
■ यमुनानगर में बोतल-ड्रम से तेल देना बंद, लोग शहरों में भरवाने पहुंचे
■ केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर घटाई एक्साइज ड्यूटी, दाम स्थिर
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग का असर अब हरियाणा के पेट्रोल-डीजल के घरेलू स्तर पर भी दिखने लगा है। हिसार और भिवानी समेत प्रदेश के कई पंपों पर भीड़ लगी हुई है। लोग पैनिक की स्थिति में अपने वाहनों की टंकी फुल कराने पहुंचे, जिससे बीती रात 10 बजे हिसार के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर तेल समाप्त हो गया।
हिसार के कैमरी रोड स्थित पंप और अग्रोहा के दो पंपों पर रात को पेट्रोल व डीजल दोनों खत्म हो गए। पेट्रोल लेने आए लोग निराश होकर लौटे। वहीं यमुनानगर में पेट्रोल-डीजल को लेकर खुले में बोतल या ड्रम से तेल देना पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ग्रामीण एरिया में लोग ट्रैक्टरों के साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंचे और लंबी लाइनों में खड़े रहे। भिवानी में भी पेट्रोल पंप पर तेल के लिए लंबी लाइनों का दृश्य देखा गया।
पंप संचालकों ने बताया कि पिछले तीन-चार दिन से सेल अचानक बढ़ गई है और कंपनी के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे, जिससे सप्लाई का कोई भरोसेमंद अपडेट नहीं मिल पा रहा है। हिसार पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सलेमगढ़ ने कहा कि स्थिति अभी नियंत्रण में है।
सरकार ने स्थिति को देखते हुए पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए की कटौती की है। पेट्रोल पर ड्यूटी ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर की गई, जबकि डीजल पर ₹10 से शून्य कर दी गई। यूएस-इजराइल और ईरान के संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम 73 डॉलर से बढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए थे। इससे तेल कंपनियों को घाटा हो रहा था, लेकिन एक्साइज ड्यूटी घटाकर पेट्रोल-डीजल के दामों को स्थिर रखा गया है।
shubham