हरियाणा में गर्मी का कहर शुरू, 5 जिलों में पारा 40°C पार
हरियाणा के 5 जिलों में तापमान 40 डिग्री पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 17 मई से लू चलने का यलो अलर्ट जारी करते हुए किसानों को विशेष सलाह दी है।
हरियाणा के 5 जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा
17 मई से पश्चिमी जिलों में लू चलने का यलो अलर्ट जारी
बहादुरगढ़ में ओले गिरे, कई जिलों में बारिश और आंधी से मौसम बदला
हरियाणा में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिली है, लेकिन इसके बावजूद गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तीखी हो सकती है।
मौसम विभाग ने 17 मई से हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना जताई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल प्रदेश के 5 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इनमें सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा नारनौल में 42.5 डिग्री, हिसार में 41.4 डिग्री, रोहतक में 41.2 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सिरसा और फतेहाबाद में तेज आंधी को लेकर भी अलर्ट जारी किया है।
यमुनानगर के रादौर क्षेत्र में तेज तूफान के कारण कई गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं कुरुक्षेत्र में आंधी के चलते हाईवे पर पेड़ गिर गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह जींद, हिसार, पानीपत, करनाल, कैथल और फतेहाबाद में बारिश हुई। इसके बाद रात में बहादुरगढ़ में ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं सोनीपत, करनाल और भिवानी में झमाझम बारिश हुई। कई जिलों में रातभर तेज हवाएं चलती रहीं।
दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद रात का मौसम अभी राहतभरा बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रोहतक प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है।
इसके अलावा गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री और चंडीगढ़ में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए किसानों को फिलहाल कपास की बुवाई टालने की सलाह दी गई है।
जिन किसानों की गेहूं और जौ की फसल पक चुकी है, उन्हें जल्द कटाई और थ्रेसिंग पूरी करने को कहा गया है। साथ ही तेज हवाओं के कारण गेहूं के भूसे को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखने की सलाह दी गई है। सब्जियों और अन्य फसलों में सिंचाई फिलहाल रोकने को कहा गया है।
पशुपालकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि पशुओं को शेड के नीचे रखें और मच्छरों से बचाव के लिए उचित इंतजाम करें।
pooja