अंतरराष्ट्रीय नौकरी के लिए तैयार होंगे हरियाणा के युवा, मुफ्त में सिखाई जाएंगी ये विदेशी भाषाएं
हरियाणा सरकार ने युवाओं को विदेश रोजगार दिलाने के लिए जर्मन, जापानी और इतालवी भाषाएं मुफ्त सिखाने की योजना मंजूर की। 100 युवाओं के चयन से शुरुआत होगी।
- हरियाणा में युवाओं को जर्मन, जापानी, इतालवी भाषाएं मुफ्त सिखाई जाएंगी
- एचकेआरएन बोर्ड ने “विदेशी भाषा सहायता एवं प्रतिपूर्ति योजना” को मंजूरी दी
- वैश्विक रोजगार के लिए प्रमाणित उम्मीदवारों का पूल तैयार, 100 युवाओं से होगी शुरुआत
देश में युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार दिलाने के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के युवा जर्मन, जापानी और इतालवी भाषाएं बिना किसी शुल्क के सीख सकेंगे। इसके लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के निदेशक मंडल ने “विदेशी भाषा सहायता एवं प्रतिपूर्ति योजना” को मंजूरी दे दी है। यह फैसला मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई 12वीं बोर्ड बैठक में लिया गया।
बैठक में विश्वस्तरीय कौशल विकास, रोजगार सृजन और कार्यबल के आधुनिकीकरण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही एचकेआरएन की सभी नियुक्तियों का डेटाबेस आधार से जोड़े जाने का निर्णय भी लिया गया, जिससे भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित होगी।
सरकार के अनुसार, जैसे-जैसे वैश्विक गतिशीलता भाषा प्रवीणता पर निर्भर हो रही है, यह योजना उन उम्मीदवारों का तैयार पूल बनाएगी, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नौकरी की जरूरत उत्पन्न होते ही तैनात किया जा सकेगा। एचकेआरएन अब विदेशों से जनशक्ति मांग प्राप्त करने वाली पंजीकृत भर्ती एजेंसी भी बन चुका है।
योजना के पायलट चरण में 100 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिन्हें प्रशिक्षण व प्रमाणन परीक्षाओं के लिए प्रतिपूर्ति मिलेगी। प्रक्रिया ऑनलाइन पंजीकरण से शुरू होगी, जिसमें उम्मीदवारों को नामांकन प्रमाण, आधार कार्ड, आयु प्रमाण और बैंक डिटेल्स उपलब्ध करानी होंगी। इसके बाद वे ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से प्रशिक्षण पूरा कर सकेंगे और एक भाषा के कई स्तरों तक सीखने का अवसर मिलेगा।
Author1