हरियाणा में बड़ी कार्रवाई, इंजीनियर-इन-चीफ सतबीर कादियान सस्पेंड
हरियाणा में सिंचाई विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ सतबीर कादियान को वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में सस्पेंड किया गया। जांच के बाद आगे कार्रवाई संभव।
➤ इंजीनियर-इन-चीफ सतबीर सिंह कादियान तत्काल प्रभाव से सस्पेंड
➤ वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों पर विभाग की बड़ी कार्रवाई
➤ जांच पूरी होने तक पंचकूला मुख्यालय अटैच, भत्ता मिलेगा
हरियाणा सरकार के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए इंजीनियर-इन-चीफ (YWS नॉर्थ) सतबीर सिंह कादियान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के चलते की गई है। हालांकि जारी आदेश में स्पष्ट कारण का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन विभागीय सूत्रों के अनुसार कादियान के कार्यकाल में प्रोजेक्ट्स के क्रियान्वयन और वित्तीय प्रबंधन को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान कादियान को हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम, 2016 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) दिया जाएगा। इसके साथ ही उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हेड ऑफिस निर्धारित किया गया है, जहां उन्हें जांच पूरी होने तक रहना होगा।
यह आदेश अतिरिक्त मुख्य सचिव (सिंचाई एवं जल संसाधन) अनुराग अग्रवाल (IAS) द्वारा जारी किया गया है और इसे 15 अप्रैल 2026 से प्रभावी माना गया है।
सूत्रों के मुताबिक, कादियान के खिलाफ प्रशासनिक निर्णयों और कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठे थे। विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच चल रही थी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
सरकार अब इस मामले में विभागीय जांच को तेज कर सकती है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे चार्जशीट या अन्य प्रशासनिक कार्रवाई संभव है। साथ ही इस पद पर अंतरिम व्यवस्था के तहत किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
Akhil Mahajan