'चौटाला बनाम ब्राह्मण' टिप्पणी पर बवाल”, अभय चौटाला ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
हरियाणा में भाजपा विधायक रामकुमार गौतम की ब्राह्मण और ओमप्रकाश चौटाला पर टिप्पणी को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। अभय चौटाला ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
➤ रामकुमार गौतम की टिप्पणी पर हरियाणा की राजनीति गरमाई
➤ अभय चौटाला ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
➤ ब्राह्मण समाज और चौटाला परिवार को लेकर बयान पर बढ़ा विवाद
हरियाणा की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और ब्राह्मण समाज को लेकर की गई टिप्पणी के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है।
रामकुमार गौतम ने एक वीडियो में दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला कहा करते थे कि “न भाजपा रहनी चाहिए और न ही ब्राह्मण रहने चाहिए।” इस बयान के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने पहले ही रामकुमार गौतम को कानूनी नोटिस भेजकर माफी मांगने की सलाह दी थी। अब इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए विधायक गौतम को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को चंडीगढ़ में इनेलो के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ, कानून प्रकोष्ठ, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ और टपरीवास प्रकोष्ठ की बैठकों के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने रामकुमार गौतम के बयान की तीखी आलोचना की।
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने आरोप लगाया कि रामकुमार गौतम हमेशा जातीय राजनीति कर समाज को बांटने का काम करते रहे हैं। नेताओं ने कहा कि कुछ समय पहले उन्होंने जाट समाज पर भी टिप्पणी की थी और अब ब्राह्मण समाज को लेकर विवादित बयान दिया है।
अभय चौटाला ने कहा कि यदि रामकुमार गौतम अपने शब्दों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि चौधरी देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला ने अपने कार्यकाल में ब्राह्मण समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व दिया। उन्होंने कई ब्राह्मण नेताओं को विधायक, मंत्री और महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया था।
रामपाल माजरा ने उदाहरण देते हुए कहा कि ओमप्रकाश भारद्वाज को मंत्री, वासुदेव शर्मा को डिप्टी स्पीकर, राजेश शर्मा को प्लानिंग बोर्ड का उपाध्यक्ष और कई अन्य ब्राह्मण नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई थीं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह विवाद आने वाले समय में हरियाणा की राजनीति में जातीय समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। वहीं भाजपा विधायक रामकुमार गौतम की टिप्पणी पर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
Akhil Mahajan