हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 अफसरों के तबादले

हरियाणा सरकार ने 4 आईएएस समेत 17 अधिकारियों के तबादले किए हैं। विजय कुमार सिद्धप्पा को राज्यपाल का सचिव और श्रम आयुक्त बनाया गया है।

हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 अफसरों के तबादले

हरियाणा में 17 अफसरों के तबादले, 4 IAS शामिल
विजय कुमार सिद्धप्पा बने राज्यपाल के सचिव, श्रम आयुक्त भी
जिला प्रशासन से लेकर ऊर्जा-शहरी विभागों में बड़ा फेरबदल


हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए चार आईएएस अधिकारियों समेत 17 अफसरों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी आदेश के तहत ऊर्जा, शहरी विकास, स्वास्थ्य और जिला प्रशासन जैसे अहम विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।इस फेरबदल में सबसे अहम नियुक्ति आईएएस विजय कुमार सिद्धप्पा भविकट्टी की रही, जिन्हें राज्यपाल के सचिव के साथ-साथ श्रम आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईएएस अनिश यादव को हैफेड और इंटरनेशनल हॉर्टिकल्चर मार्केटिंग कॉर्पोरेशन, गन्नौर के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

ऊर्जा विभाग में भी बदलाव करते हुए आईएएस विक्रम को बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक पद पर बरकरार रखते हुए विशेष सचिव, ऊर्जा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सचिन गुप्ता को रोहतक में एचएसवीपी प्रशासक और अर्बन एस्टेट के अतिरिक्त निदेशक के रूप में तैनात किया गया है।जिला स्तर पर भी बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। कई एचसीएस अधिकारियों को एसडीओ (सिविल) के रूप में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें अमित कुमार-I को पुनहाना, वेद प्रकाश को डबवाली, भूपेंद्र सिंह को पलवल, अशवीर सिंह को बरवाला, संजय कुमार को बावल, हनी बंसल को फरीदाबाद और अंकित कुमार-II को गोहाना में नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा वीरेंद्र चौधरी को कुरुक्षेत्र में जिला परिषद और डीआरडीए का सीईओ बनाया गया है। वहीं युवा अधिकारियों को भी मौका देते हुए ज्योति नागपाल को गुरुग्राम का सिटी मजिस्ट्रेट और सपना यादव को एचआईपीए गुरुग्राम में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) नियुक्त किया गया है।सरकार द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। खासकर ऊर्जा और शहरी विकास विभागों में बदलाव से कामकाज में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।