Video: जिम संचालक युवक की सुबह वार्म-अप के दौरान गोलियां मारकर हत्या, 5 सेकेंड में करीब 10 राउंड फायरिंग

हरियाणा के हांसी में जिम संचालक कपिल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Video: जिम संचालक युवक की सुबह वार्म-अप के दौरान गोलियां मारकर हत्या, 5 सेकेंड में करीब 10 राउंड फायरिंग
  • हांसी में जिम संचालक कपिल की सुबह वार्म-अप के दौरान गोलियां मारकर हत्या
  • सीसीटीवी में कैद वारदात, 5 सेकेंड में करीब 10 राउंड फायरिंग
  • कुछ दिन पहले हुई थी इंटरकास्ट लव मैरिज, पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी

हरियाणा के हांसी शहर में वीरवार सुबह हुई सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। शहर के एक जिम संचालक की अज्ञात हमलावरों ने सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।

जिम संचालक घटना से पहले दुकान के बाहर सीढ़ियों पर एक युवती और कुछ युवकों को ट्रेंनिंग दे रहा होता है।

घटना उस समय हुई जब जिम संचालक अपने प्रशिक्षुओं को वार्म-अप करवा रहे थे। वारदात का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।

पीछे से दो हमलावर आते हैं। हेलमेट पहने एक युवक ने बाइक स्टार्ट रखी जबकि दूसरी ने नीचे उतरते ही जिम संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान युवती की बाजू में भी छर्रा लगा।

मृतक की पहचान कपिल (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जींद जिले के डालमवाला गांव के रहने वाले थे और फिलहाल हांसी के शांति निकेतन क्षेत्र में रह रहे थे। कपिल पिछले करीब तीन वर्षों से हांसी में RED Gym का संचालन कर रहे थे। हाल ही में उन्होंने अपना जिम क्रांतिकारी चौक स्थित नए स्थान पर शिफ्ट किया था।

हमला करते ही दोनों हमलवार बाइक पर फरार हो गए। जिम के पास वार्म-अप कर रहे 7-8 युवकों ने भी बचाने की कोशिश करने की बजाय भागना उचित समझा।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5:25 बजे कपिल कुछ युवक-युवतियों को दुकान के बाहर बनी सीढ़ियों पर वार्म-अप करवा रहे थे। इसी दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक मौके पर पहुंचे। बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था जबकि पीछे बैठे युवक ने सफेद टोपी और चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बाइक से उतरते ही हमलावर ने बेहद नजदीक से कपिल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावर ने करीब 5 सेकेंड के भीतर 10 राउंड फायर किए। गोलियों का निशाना मुख्य रूप से कपिल का सिर और पीठ था। गोली लगते ही कपिल जमीन पर गिर पड़े।

हांसी में वारदात के बाद घटनास्थल पर पुलिस जांच करती हुई।

फायरिंग के दौरान वहां वार्म-अप कर रही शिखा नामक युवती भी घायल हो गई। बताया जा रहा है कि उसे गोली का छर्रा लगा। घायल युवती को उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात के बाद दोनों हमलावर तुरंत बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद युवक-युवतियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग गए। इसके बाद घायल कपिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कपिल ने कुछ समय पहले ही इंटरकास्ट लव मैरिज की थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी हत्या के पीछे किसी एक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। कपिल की पत्नी फिलहाल अपने परिजनों के पास रह रही थी। पुलिस पारिवारिक, व्यक्तिगत और अन्य संभावित विवादों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियों को भी बुलाया गया। घटनास्थल से करीब 10 गोलियों के खोल बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हमलावर पूरी तैयारी और रेकी के बाद वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। कपिल रोजाना इसी स्थान पर प्रशिक्षुओं को वार्म-अप करवाते थे और आरोपियों को उनकी दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों के भागने के रूट और पहचान का पता लगाया जा रहा है।

हांसी के डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 6 बजे घटना की सूचना मिली थी। जांच के दौरान घटनास्थल से 10 खोखे बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई पुलिस टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। कपिल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसके कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।