पुलिस की गाड़ी लेकर रफूचक्कर हुए आरोपी बाप-बेटे, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड; SHO-मुंशी भी जांच के घेरे में

गुरुग्राम पुलिस की हिरासत से आरोपी बाप-बेटे के फरार होने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। SHO और मुंशी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

पुलिस की गाड़ी लेकर रफूचक्कर हुए आरोपी बाप-बेटे, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड; SHO-मुंशी भी जांच के घेरे में

पुलिस कस्टडी से आरोपी बाप-बेटे के फरार होने पर 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

सेक्टर-14 थाना SHO और मुंशी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश

शिकायतकर्ता की निजी कार के इस्तेमाल को भी माना गया गंभीर लापरवाही


गुरुग्राम पुलिस की हिरासत से धोखाधड़ी के आरोपी बाप-बेटे के फरार होने के मामले में पुलिस आयुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर सेक्टर-14 थाना के दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही थाना प्रभारी (SHO) और मुंशी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि 17 जनवरी 2026 को दर्ज भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के एक मामले में पुलिस टीम मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले आरोपी प्रकाश रज्जाक को गिरफ्तार करने गई थी। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस टीम शिकायतकर्ता के निजी वाहन से गुरुग्राम वापस लौट रही थी।

जांच के अनुसार 1 जून को गरोठ स्थित एक पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाने के लिए पुलिस टीम रुकी। इसी दौरान आरोपी प्रकाश रज्जाक अपने पिता के साथ शिकायतकर्ता की कार लेकर मौके से फरार हो गया। बाद में दोनों कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की विभागीय जांच में पुलिस टीम की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल तेजपाल सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इसके अलावा सेक्टर-14 थाना प्रभारी और मुंशी की भूमिका की भी विभागीय जांच कराई जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जिस भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।