दोस्त की लाइसेंसी रिवॉल्वर से चली गोली, सिर में लगने से युवक की मौत; पार्टी पर निकले थे दोनों दोस्त
गुरुग्राम के सेक्टर-65 क्षेत्र में पार्टी पर निकले दो दोस्तों के बीच कार में लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चलने से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस हादसे और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
➤ गुरुग्राम में कार के अंदर चली गोली, 28 वर्षीय युवक की मौत
➤ दोस्त हिरासत में, पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर जब्त कर जांच शुरू
हरियाणा के गुरुग्राम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सेक्टर-65 थाना क्षेत्र के बहरामपुर गांव में बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली से एक युवक की मौत हो गई। शुरुआती जांच के अनुसार दो दोस्त पार्टी करने के लिए कार से निकले थे। इसी दौरान कार में मौजूद एक युवक के पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई, जो उसके दोस्त के सिर में लग गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पार्टी के लिए निकले थे दोनों दोस्त
पुलिस के अनुसार बहरामपुर निवासी लक्की के घर बुधवार रात करीब 8 बजे उसका दोस्त आकाश पहुंचा था। 28 वर्षीय आकाश दिल्ली के बदरपुर का रहने वाला था। दोनों ने पार्टी का कार्यक्रम बनाया और कार से निकल गए। इसी दौरान लक्की के पास उसके पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी मौजूद थी।
कार में रिवॉल्वर देखते समय चली गोली
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार के अंदर रिवॉल्वर देखते समय अचानक गोली चल गई। गोली सीधे आकाश के सिर में लगी, जिससे वह कार में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद लक्की उसे सेक्टर-57 स्थित मेरिंगो अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी हिरासत में, रिवॉल्वर जब्त
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-65 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी लक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। उसके पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
हादसा या हत्या, हर पहलू की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली दुर्घटनावश चली या जानबूझकर चलाई गई। इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर कार में कैसे लेकर आया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Akhil Mahajan