प्रेमी को शक था किसी और से बात करती है,तो गला घोंट कर प्रेमिका को उतारा मौत के घाट
गुरुग्राम के कासन की ढाणी गांव में प्रेम विवाद के चलते विवेक नामक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड शालू की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी को नौरंगपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। हत्या की वजह युवती द्वारा अन्य युवकों से बातचीत बताई गई है।
➤ गुरुग्राम के कासन की ढाणी में प्रेम विवाद में युवती की गला दबाकर हत्या
➤ आरोपी विवेक (27) को नौरंगपुर से गिरफ्तार किया गया
➤ आरोपी और मृतका पिछले 5 साल से रिलेशनशिप में थे, आपसी झगड़े में हत्या की गई
गुरुग्राम के कासन की ढाणी गांव में प्रेम विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। यहां की रहने वाली शालू (21) की हत्या उसके प्रेमी विवेक (27) ने कर दी। आरोपी विवेक बुलंदशहर के गांव बेलोन का रहने वाला है। मृतका शालू मानेसर आईएमटी की एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले पांच साल से रिलेशनशिप में थे।
पुलिस को दी गई शिकायत में शालू के पिता ने बताया कि शालू अपने चचेरी बहन के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। 14 सितंबर की रात शालू के चचेरे भाई की लड़की ने बताया कि विवेक व सचिन रात लगभग 10 बजे कमरे पर आए थे और शालू से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद चचेरी बहन सो गई। अगले दिन सुबह उठने पर शालू मृत अवस्था में मिली। पुलिस को शक था कि विवेक और सचिन ने मिलकर हत्या की है। चचेरी बहन ने बताया कि विवेक को इस बात का शक था कि शालू अन्य युवकों से भी बातचीत करती थी, जिस पर दोनों के बीच झगड़ा चल रहा था।
IMT मानेसर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेक को बुधवार शाम को नौरंगपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह दिल्ली में अपने भाई के साथ रहता है और एक निजी कंपनी में काम करता है। पांच साल से शालू से बातचीत कर रहा था और पिछले पांच महीने से शालू भी IMT मानेसर में काम करने लगी थी। आरोपी ने स्वीकार किया कि 14 सितंबर की रात को बातचीत को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और उसने गुस्से में शालू की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी को गुरुग्राम की अदालत में पेश किया जाएगा।